Yug Jagran

वाहन के पेड़ से टकराने पर 5 लोगों की मौत…2 बच्चों सहित पांच घायल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में शनिवार को एक वाहन (एसयूवी) के सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाने से वाहन सवार कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई और 2 बच्चों सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।दुर्घटना शनिवार तड़के करीब 3 बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाघमारा में हुई। वाहन में 10 लोग सवार थे और वे एक विवाह समारोह से लौट रहे थे।
गिरिडीह के उप प्रखंड पुलिस अधिकारी अनिल सिंह ने कहा कि कार सवार लोग बिरनी थाना क्षेत्र के थोरिया गांव से थे और वे लोग करीब 40 किलोमीटर दूर टिकोडीह में विवाह समारोह में शामिल होकर वापस आ रहे थे। उन्होंने बताया,‘‘पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संदेह है कि वाहन चालक को नींद की झपकी आ गई थी।