युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गुज़रा ज़माना, यूँ जीते – जीते
उलझती गई मैं, सुलझते-सुलझते
कभी मनचाहा, कभी अनचाहा
सँजोती गई मैं, बसर करते-करते
कभी चोट खाई, कभी मात खाई
बिखरती गई मैं, सँभलते-सँभलते
कभी महफ़िलों में, कभी उत्सवों में
तनहा रही मैं, मग़र हँसते-हँसते
कभी कोई आशा, कभी इक निराशा
सिमटती गई मैं, सब्र करते-करते
कभी ये सँवारा, कभी वो सँवारा
थक सी गई मैं, जतन करते-करते
सफ़र लम्बा हो, या छोटा सफ़र हो
कट जाएगा यूँ ही, बस चलते-चलते !!
सुभषिणी विश्नोई
पंचकुला
हरियाणा
