युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
सरगम छेड़ी आपने, सुनने को बेचैन |
मनवा कहता प्रेम से, तेरे प्यारे नैन ||
मेरे प्यारे , सबके न्यारे , मुरली धारी |
घट -घट वासी, हैअविनाशी, कृष्ण मुरारी ||
तरसते नैन, रहूँ बेचैन, सोचूँ हरदम |
अन्तर्यामी, जग के स्वामी,छेड़ो सरगम ||
सरगम गूँजे कान में, सुनकर प्यारी तान |
हर्षित मनवा आज है, जग में मिलता मान ||
जग में मिलता , मन है कहता , मेरे रामा |
रिश्ते नाते , आते जाते , आओ श्यामा ||
सागर लहरे, घोर अन्धरे, सोचूँ हरदम |
पल -पल बीते, रहे न रीते, छेड़ो सरगम ||
आँखे मेरी खोजती, तुझको मेरे श्याम |
मोहन तेरी मोहिनी, बसना मन के धाम ||
बसना मन के,देखो रम के, मन है प्यासा |
दर्श दिखाओ, प्यास बुझाओ,तुझसे आशा ||
ह्रदय जगा दो, नेह दिखा दो,तोड़ सलाखें |
श्याम पधारो,मुझे उबारो,तरसी आँखे ||
बजती बंशी चैन की, सुंदर सरगम साज |
सात स्वरों की मोहिनी, फँसती दुनिया आज ||
फँसती दुनिया, सारी सखियाँ, पुलकित है मन |
रास रचाते, दर्श दिखाते, नश्वर है तन ||
हे रघुनन्दन, जसुदा नंदन,राधे भजती |
जीवन नैया, पार लगैया, तुमको कहती ||
____________________________
कवयित्री
कल्पना भदौरिया “स्वप्निल “
लखनऊ
उत्तरप्रदेश
