युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
खरगूपुर (गोण्डा)। पृथ्वीनाथ मंदिर पर सावन माह के आज दूसरे सोमवार को बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने जलाभिषेक व पूजन अर्चन किया। मन्दिर स्थित विशाल शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखा। पांडव कालीन पृथ्वीनाथ मन्दिर में सोमवार को प्रातः से ही पट खुलते ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की अलग अलग लंबी लाइनें लग गई।
श्रद्धालुओं के ॐ नमः शिवाय,बमबम भोले, जय महाकाल के उदघोष से पूरा गर्भ गृह सहित मन्दिर परिसर गूँजायमान रहा।श्रद्धालुओं ने जल,दूध,बेल पत्र,पुष्प,शमी,भाँग,धतूर आदि के साथ जलाभिषेक व पूजन-अर्चन कर मनवांछित फल की कामना की।जलाभिषेक का सिलसिला सुबह से शुरू हुआ जो देर शाम तक जारी रहा।महिलाओं और युवतियों ने व्रत रखकर शिवलाट पर धूप,दीप और नौवेद्य अर्पित किये।
सावन मास के दूसरे सोमवार पर उम्मीद से ज्यादा भीड़ मंदिर के गर्भ गृह तक पहुंचने के लिए उत्साहित दिखी।मान्यता है कि सावन माह में सोमवार को भोलेनाथ का जलाभिषेक तथा पूजन अर्चन के साथ रुद्राभिषेक,श्रृंगार पूजा आदि करने से मनवांछित फल प्राप्त होता है।यहां सुरक्षा को देखते हुए थानाध्यक्ष कुबेर तिवारी सहित स्थानीय पुलिस सहित पी ए सी तथा जिलामुख्यालय से पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात रही।