Site icon Yug Jagran

साहस इतना सा…

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

असत्य और अन्याय का बोलबाला देख

हैरान-परेशान मत हो जाना तुम ज्यादा

कि हर युग में रहे हैं हालात

कमोबेश ऐसे ही,

बस तुम सत्य और न्याय के पक्ष में

खड़े हो जाओ

साहस इतना सा खुद में भर लेना।

बाहुबलियों और चालबाजों का बोलबाला देख

हैरान-परेशान मत हो जाना तुम ज्यादा

कि हर युग में रहे हैं हालात

कमोबेश ऐसे ही,

बस तुम कमजोर और सरल इंसान का

साथ दे पाओ

ईमान इतना सा खुद में रख लेना।

दौलतमंद और मतलबी लोगों का बोलबाला देख

हैरान-परेशान मत हो जाना तुम ज्यादा

कि हर युग में रहे हैं हालात

कमोबेश ऐसे ही,

बस तुम गरीब और जरूरतमंद का

का हाथ बंटा पाओ

इंसान इतना सा खुद में रख लेना।

                                   जितेन्द्र ‘कबीर’ है

Exit mobile version