युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
आते ही ऋतु बरखा की खिल जाती छटा निराली ।
आंगन में कलरव गूंजे चहुँओर दिखे हरियाली ।
हरियाली देख धरा पर तनमन खुश हो जाते ।
पशु पक्षी चहकने लगने जीवजंतु हर्षाते ।
धरती माँ पहने दिखती चुनर हरे रंगो वाली ।
ऑगन में कलरव गूँजे चहुँ ओर दिखे हरियाली ‘ ।
नदी नाले उमड़ उमड़ कर सागर की ओर चले ।
मानो दुल्हन डोली के पीछे बच्चे दौड़ पड़े ।
छाई देखो कैसी घनघोर घटा ये काली ।
आंगन में कलरव गूंजे चहुँओर दिखे हरियाली ।
ऋतुओ की रानी बरखा कैसा जादू करती
तनमन में सभी के देखो कैसी उमंग भरती ।
जादू का इसके कोई वार ना जाता खाली ।
आंगन में कलरव गूंजे चहुंओर दिखे हरियाली ।
दुल्हन की तरह सज धज कर बरखा रानी आई ।
फूलों के गहने पहने कलियों से सेज सजाई ।
बहती बयार मनभावन मदमस्त करें मतवाली ।
आंगन में कलरव गूंजे चहुंओर दिखे हरियाली ।
शीतल जल बरसाकर गर्मी से राहत देती ।
मानो माँ सिर पर अपना आंचल रख देती ।
चर अचर सभी को बरखा कुछ ना कुछ दे जाती ।
धन-धान्य से घर भर जाते धरती भी सुख पाती ।
खुश होने पर बरखा के घर-घर मनती दिवाली ।
आंगन में कलरव गूँजे चहुंओर दिखे हरियाली ।
आशा झा
दुर्ग छतीसगढ़
