Site icon Yug Jagran

हैंडपंप दो माह से खराब, राहगीर होते परेशान

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

बांदा।खपटिहाकला बस स्टॉप में स्थित हैंडपंप दो माह से खराब है। राहगीर पेयजल के लिए घंटों परेशान रहते हैं। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी विभाग सचेत नहीं है। पैलानी तहसील के गांव खपटिहाकला के बस स्टॉप में स्थापित हैंडपंप विगत दो माह से खराब है। एक ओर आवागमन करने वाले राहगीरों को पानी नसीब नहीं हो पा रहा वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत हाथ में हाथ रखे बैठा है। गर्मी शुरू होने के पहले ही हैंडपंप के खराब हो जाने से पानी की त्राहि त्राहि बस स्टॉप में देखने को मिल रही है।

राहगीर गोरेलाल व साप्ताहिक बाजार में दुकान लगाने वाले ओमप्रकाश ने बताया कि रविवार के दिन खपटिहाकला, सांड़ी, खरेई, रेहुंटा आदि गांव के खरीददार साप्ताहिक बाजार खप्टिहाकला में सामान लेने आते हैं और बस स्टॉप में एकमात्र स्थित हैंडपंप भी दो माह से खराब हो जाने के चलते पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। वही जब इस संदर्भ में ग्राम पंचायत अधिकारी दिनेश कुमार यादव से बात की गई तो उनका फोन नहीं उठा। ग्राम प्रधान खप्टिहाकला मैना देवी निषाद का कहना है कि खराब हैंडपंप का मामला उनके संज्ञान में है। जल्द ठीक कराया जाएगा।

Exit mobile version