यादें बचपन की..

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
ज़िन्दगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मुकाम वो फिर नही आते…
फोन में गाना ऐप में हर दम पुराने गाने सुनते रहने की आदत है मुझे। कुछ देर पहले जब ये गाना बजने लगातो आंखें बंद करके गाना सुनते सुनते जाने कहाँ खो गयी ।गाना तो खत्म हो गया लेकिन जो बीत गए वक़्त और बीती हुई यादों को दिमाग मे ताजा कर गया उनका क्या।कैसे वक़्त हाथों से रेत की तरह फिसल कर पीछे छूट जाता है और हम आगे निकल जाते हैं।
कितने प्यारे दिन होते हैं न बचपन के । कोई फिक्र नही , जिम्मेदारियों के बोझ नही, कौन कब क्या कहेगा, कोई परवाह नही। सुबह उठ कर मम्मी के हाथ के गर्म गर्म परांठे ,चाय के साथ खाओ और तैयार हो कर स्कूल भाग जाओ। तब सोचती थी कि हम स्कूल से आ भी जाते हैं और मम्मी के काम ही खत्म नही होते। वो सब बातें अब समझ आती हैं जब अपने सिर पर परिवार की जिम्मेदारी पड़ती है।
जब किसी बात के लिए मम्मी पापा की डांट पड़ती थी तो उनकी हर बात चुपचाप मान तो लेते लेकिन अंदर से कितना गुस्सा आता था तब कि हम पर इतनी सख्ती क्यों। आज जब बच्चे कोई बात नही सुनते तो कितना बुरा लगता है। तब लगता है कि हमारा वक्त कितना अच्छा था न।
मम्मी जब बड़ी सी कड़ाही में अंगीठी पर गाजर का हलवा बनाती। गाजरें भी हाथ से कद्दूकस करती। सारा दिन लग जाता उसको बनने में।आज भी गाजर का हलवा तो बनता है पर उसमे वो स्वाद नही आ पाता।
स्कूल से आते तो मम्मी तो थकी होती तो आराम से सो जाती।क्योंकि तब सारा काम औरतें अपने हाथ से करती थी उस समय जो नींद पंखे के नीचे आती थी वो तो अब ऐ सी में सोने से भी कहाँ आ पाती है।
मम्मी के सोने के बाद दोपहर में पड़ोस से सहेलियों को बुला कर जो गेंद गिट्टे खेलने की महफ़िल लगती और जो मनोरंजन होता उसका मुकाबला तो आज मोबाइल में खेली जाने वाली किसी गेम से नही(नाम नही पता)
गर्मी में सुबह हर रोज मम्मी चाटी की लस्सी बनाती .. उसके जैसा स्वाद किसी ड्रिंक में नही आया। और जो मक्खन निकलता वो तो परांठे के ऊपर रख कर खाने का जो स्वाद आता था वो आज के बर्गर, पिज़्ज़ा सबको फेल कर दे।
रोज सुबह दस रुपये की बर्फ ला कर आइस बॉक्स में रख दी जाती और जब भी रूह अफजा या लस्सी पीनी होती उसी में से बर्फ तोड़ के डाली जाती। रात को खूब सारा दूध सोडा बनाया जाता। दूध में लाल बोतल डाल कर उसको छत पर ले जा कर पिया जाता। सबको सर्व करने की ड्यूटी सभी भाई बहनों की बारी बारी से लगती और किसी दूसरे की ड्यूटी शाम को सबके बिस्तर बिछाने की होती थी।
संडे वाले दिन मम्मी सबके बाल धो कर फिर शाम को खूब सारा सरसों का तेल लेकर बालों में मालिश करती। उससे बालों में जो चमक आती वो तो आज किसी कंडीशनर ओर शैम्पू से भी नही आती।
फिर संडे शाम को पापा सभी भाई बहनों को एक ही स्कूटर पर फ़िल्म दिखाने ले कर जाते। फिल्में भी हमे सिर्फ देश भक्ति की या फिर धार्मिक ही देखने को मिलती। वापसी में घण्टा घर से ढाबे से जब खाना खा कर वापिस आते तो खुद को दुनिया मे सब से अमीर व्यक्ति समझते। आज किसी बड़ी गाड़ी में बैठ कर, किसी माल में जा कर मूवी देखने, और फिर फाइव स्टार में डिनर करना शायद उतना मजेदार नही होता होगा जितना तब होता था।
गर्मी में पापा शाम को जब घर आते तो खूब सारे आम खरबूजे तरबूज ले कर आते। जब सब बच्चे सोए होते तो पापा एक बड़ी परात में तरबूज काट कर उसके ऊपर बर्फ लगा देते। जब सब शाम को सो कर उठते तो एक साथ जमीन पर गोल चक्कर मे बैठ कर वो ठंडा तरबूज खाते। तरबूज और खरबूजे तो आज भी खाते हैं लेकिन न तो पापा रहे और न ही अपने हाथ से काट कर अकेले बैठ कर खाने में कभी वो स्वाद आया।
यादों के भंवर में डूबती रही और आंखों से नीर बहता रहा। समय का पता ही नही चला। इतने में बाहर की घण्टी बजी तो वापिस आयी उन खट्टी मीठी यादों के पिटारे से। सच में कितने कम समय मे कितने ही वर्ष एक साथ दोबारा जी लिए उसने बन्द आंखों से।
रीटा मक्कड़




