कला-साहित्य

घास फूस और घूस

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

हाल ही में एक कार्यालय जाना हुआ। वहाँ कहने को तो अत्याधुनिक कंप्यूटर थे, लेकिन डिब्बे में बंद पड़े थे। कहा गया कि इसका अनावरण अभी नहीं हुआ है। इसीलिए पुराने कंप्यूटरों से ही काम चलाना पड़ रहा है। पुराना तो पुराना होता है। उसका भी एक तराना होता है। काम न करने का बहाना होता है। परिणाम यह हुआ कि पत्रावलियों के अंबार पर अंबार लगे पड़े हुए हैं। लगता है कि उनकी होड़ एवरेस्ट से है। हो भी क्यों न? एवरेस्ट भारत में थोड़े न है! इसीलिए हिम का न सही कम से कम पत्रावलियों का एवरेस्ट भारत में बना ही सकते हैं। इससे देश का नाम और ऊँचा होगा।

पत्रावलियों का अंबार मकड़ियों को रोजगार देता है। कर्मचारी न सही, वे ही अपनी टिप्पणी लिख देती हैं। हस्ताक्षर के रूप में धूल परोस देती हैं। चाहे कुछ भी हो काम चालू रहता है। पता चला कि चपरासी ने इन्हीं पत्रावलियों में से कुछ को रद्दी समझकर उसमें केले के छिलके लपेटकर बाहर फेंक दिए। अब उस पर बकरी चर रही है। शायद वह पढ़ी-लिखी है, उसे भी लगा होगा कि कागज़ किसी काम का है, सो उसने केले का छिलका खाने में ही अपनी साक्षरता की निशानी समझी। ड्राफ्टिंग वाले कागज नोट के चक्कर में पड़े-पड़े सड़ रहे हैं। नोट भिन्नार्थी होता है। समझने वाले समझ जाते हैं। न समझने वाले आजीवन किराए के मकान में गुजर-बसरकर दम तोड़ देते हैं। सच्चे अर्थों में नोट का अर्थ जानने वाला चपरासी वसूलों के पक्के अधिकारियों की तुलना में चार-चार कोठियाँ भाड़े पर चढ़ा देता है। बेटी की शादी में ऑडी देकर अपनी बॉडी का सीना चौड़ा कर लेता है। ऐसे ही चपरासियों का अपना चाणक्य वाक्य होता है कि जिस देश में लोग घास-फूस खा रहे हों वहाँ घूस खाने से परहेज नहीं करना चाहिए।

यहीं पर एक बड़े बाबू रहा करते थे। अब नहीं हैं। उनकी ईमानदारी ने उन्हें देहात भेज दिया। इस कार्यालय में वही बचे हैं जो दूसरों को सुधारने की नहीं सोचते। जो ऐसा सोचते हैं, वे खुद सुधर जाते हैं और एक दिन देहात की माटी फांकते हुए नजर आते हैं। काम को कल पर टालने वाले टाइम मैनेजमेंट के गुरु और कबीर के ऐसे भक्त जो कल को आज, आज को अब करने की सोचते हैं उन्हें आलसी बाबू बड़ी तबियत से लतिया देते हैं। लतियाते हुए कहते भी हैं – यह सरकारी कार्यालय है। काम समय पर हो जाए तो इसकी अहमियत ही क्या रह जाएगी। जितना कार्य लंबित होता है, वह उतना ही सम्माननीय होता है। तभी यहाँ आने वाले जी हुजूरी, सलाम ठोंकने और घूस की घी वाली रोटी खिलाने को अपनी शान समझते हैं। जहाँ यह सब नहीं होता, वह असरकारी तो हो सकता है, लेकिन सरकारी कतई नहीं।

डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button