कला-साहित्य

जहरीले मटके

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

जहरीले लोगों के जहरीले मटके
पानी भी जहरीला होगा,
जहरीले जाति, जहरीले धर्म,
स्वाद बहुत नशीला होगा,
हजारों वर्षों का
भरा हुआ मटका,
वंचितों को यदा-कदा देता झटका,
क्या है भरा इनके गंदे सोच में,
आज भी लग जाते हैं नोचने,
जूतों से,
दूर खड़े हो बांसों से,
पीने देते जहरीले पानी,
मानवता के लिए
अभिशप्त संस्कृति पर
रौब झाड़ते मूरख ज्ञानी,
बर्बरता झलक रहा
इनके रग रग से,
वंचितों को देख इनके मन में
सोची समझी नफरत भड़कते,
कभी बाबा साहब को
इस मटके से दूर रखे,
तब भी और आज भी है
इनके व्यवहार केवल दो टके,
क्या पानी पीना भी
मौत का आमंत्रण है?
या जातिय दम्भ, अहंकार से
स्थिति का नियंत्रण है?
क्या अपनी मंशा जता रहे हो,
या हमे उग्र होने उकसा रहे हो,
मत भूलो कि हमारी उग्रता
तुमने फूलन के रूप में देखा है,
जिसकी आग ने
तुम्हारे कलुषित सोच को लेषा है,
हमारी सहनशक्ति को
न समझो हमारी कमजोरी,
वक़्त आने पर हम भी
कर सकते हैं तुमसे सीनाजोरी,
हमारे लिए तुम्हारे मन की भावना
तो तुमने बता दिया,
तुम्हारी दूषित सोच,
कलुषित संस्कृति,
यूं ही सड़ी-गली रहेगी जता दिया।

राजेन्द्र लाहिरी पामगढ़

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button