कला-साहित्य
बादल आवारापन छोड़ो

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
सबके लिए निगाहें खोलो।
बादल आवारापन छोड़ो।
सबकी प्यास जुड़ी है तुमसे।
सबकी आस लगी है तुमसे।
सबकी सांस बंधी है तुमसे।
चारो तरफ मधुर रस घोलो।
बादल आवारापन छोड़ो।
तेरा असली घर है भू पर।
बन के भाप गया तूँ ऊपर।
ताकि हर कोना होवे तर।
इससे अपना मुँह मत मोड़ो।
बादल आवारापन छोड़ो।
सबकुछ तेरे पास पड़ा है।
बहुमत तेरे साथ खड़ा है।
अब तेरा कद बहुत बड़ा है।
बन के बड़ा सभी को जोड़ो।
बादल आवारापन छोड़ो।
हर ऑंगन में पल दो पल दो।
थोड़ा थोड़ा सबको जल दो।
हर दुखिया के दुख का हल दो।
कच्चा कह मटका मत फोड़ो।
बादल आवारापन छोड़ो।
देख तुम्हें सागर या हिल में।
पीड़ा उठती है हर दिल में।
धरती पड़ती है मुश्किल में।
धरती की उम्मीद न तोड़ो।
बादल आवारापन छोड़ो।
सबके लिए निगाहें खोलो।
-धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव



