सुनों कवि..

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
सुनों कवि..
कर सकते हो तो करो
कि रास्ता दिखाओ
कागज़ों में दुबकी सभ्यताओं को ,
परिचित कराओ युवा पीढ़ी को
पुरातत्व होने के मायने ,
सिखाओ उन्हें भी कि
बुरा नहीं है प्राचीन होना ,
बुरा है, प्राचीन को सिर्फ प्राचीन ही समझना
हमेशा ,
उनके समक्ष प्रस्तुत करो
अधमिटे दस्तावेज
जिनका पूरा किया जाना बाकी है अभी !!
सुनों कवि..
कर सकते हो तो करो आविष्कार
ऐसी आग का
कि जिसका धुंआ कभी जहर न घोले
हवाओं में !!
सुनों कवि..
यदि पुनर्जीवित कर सकते हो
पुरानी सभ्यताओं को
तो इसकी खबर मुझे जरूर देना ,
देखना चाहूंगी कि
कहां तक पहुंचाएगा मनुष्य को
ये पहिए का आविष्कार !!
सुनों कवि..
पढ़ सकते हो तो जरूर पढ़ना
वो दीवारों में जड़ी हुई प्रेम कहानियां ,
“सिर्फ देह का स्पर्श नहीं
मन को छू जाना होता है प्रेम “..
..हो सके तो खंगालकर लाना
सारी कविताएं
आत्मिक-प्रेम की !!
नमिता गुप्ता “मनसी”
मेरठ, उत्तर प्रदेश



