सब झोल है झोल!

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
स्वतंत्रता ने ईमानदारी को इनबिल्ट किया तो आत्मनिर्भरता ने उसे एक्सेसरी बना दिया। लगाना है तो लगाइए नहीं तो आपकी मर्जी। ऐसी मर्जी वाले जो कहते हैं वे करते नहीं। जो करते हैं वे बताते नहीं। जो बताते हैं वह होता नहीं। सब झोल है, झोल। एक थे गांधी जी जो खड्ग बिना ढाल के अहिंसा को परिभाषित करते थे, और आज है कि लाठी-गोली चलाकर अहिंसा और शांति को नए सिरे से परिभाषाति किया जाता है।
सब झोल है, झोल। सत्य किताबों और असत्य सड़कों पर घूमने और झूमने के लिए बने हैं। पेड़ लगाने के लिए पहले पेड़ काटने का ठेका दिया जाता है। फिर लगाए हुए पेड़ों पर चरने के लिए गाय-बैलों को छोड़ दिया जाता है। सब झोल है, झोल।
एक तरफ नशाखोरी के खिलाफ विज्ञापन चलायेंगे, दूजी ओर उसी विज्ञापन के लिए शराब की बिक्री से पैसा बटोरेंगे। हाथी केवल जंगलों में नहीं हम भी होते हैं। दिखाने और खाने के दाँत हमेशा मेन्टेन करते हैं। हिंदी की महत्ता के बारे में भाषण झाडेंगे अंग्रेजी में और खुद को बड़ा हिमायती बतायेंगे। यही तो आजादी है। योजनाओं के नाम पर योजना बनायेंगे।
बनायी गई योजना को लागू नहीं करेंगे। लागू करने की बारी आएगी तो उसे रोक देंगे। बनाने, लागू करने और रोकने वाले खुद को सबसे बड़ा चालू समझने से बाज़ नहीं आते। सीधी उंगली विपक्षी नेता को प्यार से बुलाना है, न आने पर ईडी-सीबीआई की टेढ़ी उंगली कर जबरन शामिल कर लेना है। अपनी गलती पर कमीशन बैठाना, विपक्षी गलती पर फरमान सुनाना स्वतंत्रता का असली गुरुमंत्र है।
जब तक विपक्ष में रहें पूंजीपतियों को गरियाना और जैसे ही सत्ता में आ जाएँ तब उनके तलवे चाटना यही फंडा बनाकर प्राइवेट के खिलाफ पब्लिक सेक्टर को और पब्लिक सेक्टर के खिलाफ प्राइवेट सेक्टर को खड़ा करके खुद बीच में खड़ा हो जाना स्वतंत्रता का मतलब होता है।
मामला जस का तस अड़ने पर अपने स्वार्थ की रोटियाँ सेंकने का अवसर मिलता है। युवाओं को मौका देने के नाम पर खुद को छूट देना, मालदार पोर्टफोलियो झोली में रखकर संतरियों में रूखा-सूखा फेंक देना सबसे बड़ा झोल है, झोल। स्वतंत्रता वह हवा है जो फुले हुए जनता के गुब्बारे में होता है, जिस पर एक सुईं मारने पर सब कुछ टांय-टांय फिस्स हो जाता है।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’, मो. नं. 73 8657 8657




