हम बिरयानी खाने आए हैं

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
हमारे यहाँ एक टीम आयी है खाने के लिए। मैच से पहले जोमैटो से बिरियानी ऑर्डर करती है। इसके बाद चारों ओर उनकी टीम और बिरयानी के किस्से लोटपोट करने को मजबूर करते हैं। दरअसल वे मैच खेलने से पहले लोकल बिरयानी का स्वाद लेना चाहती थी जो कि होटल के मेनू में उपलब्ध नहीं था जिसके बाद खिलाड़ियों ने जोमैटो से बिरियानी ऑर्डर की। वही इन खिलाड़ियों ने चाप, फिरनी, कबाब और शाही टुकड़ा का स्वाद भी जमकर लिया।
एक खिलाड़ी अपना दुखड़ा रोते हुए कहता है कि जब भी हम हारते हैं तो कहते हो कि हम बिरयानी खाते हैं लेकिन जब हम जीतते हैं तो ये क्यों नहीं कहते कि हम बिरयानी खाते हैं? जब वह टीम हमारे यहाँ आयी थी तब भी उस टीम की मीडिया के द्वारा बिरयानी को लेकर कई सवाल उठे थे जिसमे पूछा जा रहा था कि आपके यहाँ हमारे खिलाड़ियों को बिरयानी क्यों नहीं दिया जा रहा है? जबकि मैच की तैयारी के लिए मैदान और अन्य सुविधाओं में कोई कमी नहीं की गई थी।
ऊपर बताए खिलाड़ियों की हालत देख तरस से ज्यादा हँसी आती है। उन्हीं खिलाड़ियों में से एक ने किसी को न बताने की शर्त में अपनी पीड़ा कुछ यूँ बयान कि “फोकट की दावत वह भी महंगाई के दिनों में! वाह! सुनते ही उनके पाचन तंत्र के सभी अंग खिलखिलाने लगे। बहुत दिनों के बाद उन्हें पचाने के लिए कुछ मिलने वाला है। वरना उन्हें संदेह हो रहा था कि वे शरीर के अंग हैं भी या नहीं। सब कुछ ठीक-ठाक था लेकिन चक्कर दावत के तरीके से था। अंग्रेजी में उस दावत की स्पेलिंग तो उन्हें पता है किंतु उच्चारण करना कैसे है, यही उनके लिए टेढ़ी खीर है। कभी बुफेट कहते हैं तो कभी बफेट।
कुछ खिलाड़ियों के कहने पर बुफे तो कुछ के कहने पर बफे। उन्हें अभी तक यह समझ नहीं आया कि वे खाने जा रहे हैं या खेलने। सामान्य भाषा में कहना हो तो खड़े होकर, हाथ में प्लेट लेकर दर-दर की ठोकरें खाते हुए परोसने वाले के पास पहुँचकर खाने को जो कुछ भी मिल जाता है उसे ही ‘वो’ (बुफेट, बफेट, बुफे, बफे) कहते हैं। परोसिया भी ऐसा कि किसी कोड लैंग्वेज का पालन करने वाला रोबोट हो जैसे। वह परोसेगा भी ऐसे जैसे उसके घर से दे रहा है। दूसरी बार जाने पर वह ऊपर से नीचे ऐसे घूरता है कि तीसरी बार जाने से पहले शर्म के मारे मर ही जाएँ।
आप मानें या न मानें उनके लिए यह दावत किसी आफत से कम नहीं है। ऐसी दावतों में अपना भुक्खड़पन छिपाकर रखना पड़ता है। एकदम ऊपर से चंगे और भीतर से भूखे-नंगे। हमने देखा कि हॉल में जैसे ही बैठे, अचानक से भगदड़ मची। पता चला कि ‘खड़ाखाऊ’ दावत के व्यंजनों पर से ढक्कन उतार दिए गए हैं। ऐसे समय में ‘अब न चूक चौहान’ की तर्ज पर लंबी-लंबी कतारों में बाढ़ में बर्बाद हो गए किसी शरणार्थी की तरह राहतसामग्री हेतु खड़े होने के लिए विवश होना पड़ता है।
ऐसी दावतों में ‘पहले आओ अच्छा पाओ’ की स्कीम खुलेखाम धड़ल्ले से चलती है। देर हुई तो समझो गए काम से। हमारी हालत तो और भी बदतर थी। हाथ में प्लेट लिए खाना तो दूर उसे देखने भर के लिए तरस रहे थे। उनके एक मित्र की हालत तो ‘लाएँ हैं तूफान से कश्ती निकालकर’ की ‘तर्ज पर लाएँ हैं बिरयानी अपना कुर्ता फड़वाकर’ जैसी हो गई थी। इसलिए इन दावतों की अदाओं से कुछ अनुभवी लोग अपना परिधान बचाकर पूरा ध्यान खाने पर रखते हैं। कभी-कभी तो लगता है ऐसे विशेषज्ञों से इन दावतों में जाने का प्रशिक्षण ले लेना चाहिए।
उनकी भाभी जी का हाल तो और बुरा था। ननद से माँगी हुई साड़ी पहनकर व्यंजन बटोरने की हड़बडी में उसे बटर पनीर के सुपुर्द कर दिया। अब वह खाना-पीना छोड़कर झल्लाते हुए साड़ी की धुलाई में लग गई हैं। जिंदगी है तो फिर कभी खाया जा सकता है, लेकिन यह साड़ी नहीं होगी तो ऐसी जिंदगी भी किस काम की। खाया-पिया कुछ नहीं ननद से साड़ी की डाँट सुनो अलग से। कुछ लोग तो काल्पनिक होते है। या यूँ कहिए कि बड़े दार्शनिक होते हैं। वे दूसरों की तश्तरी में ताका-झांकी कर मृगतृष्णा की तरह भूख-प्यास मिटा लेते हैं। यही लोग आगे चलकर ‘सुखी रहने के 101 उपाय’ जैसी पुस्तकें लिखते हैं।“
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’



