गोंडा

प्रभारी मंत्री ने किया सीएचसी और ब्लाक का निरीक्षण

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

करनैलगंज / गोण्डा। जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व खण्ड विकास कार्यालय का निरीक्षण कर व विकास कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को लंबित पड़ी योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया, साथ ही सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिये अधिकारियों के पेंच कसे।

वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गयी है। इसी कारण लगभग हर जिले के प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में भ्रमण कर विकास योजनाओं से रूबरू हो रहे हैं। इसी क्रम में गोण्डा जनपद के प्रभारी मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने गुरुवार को करनैलगंज पहुंच कर सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया, वहां उन्होंने वैक्सीनेशन सेंटर का भी जायजा लिया और अस्पताल में नजर आयी कमियों को शीघ्र ही दुरुस्त करने के निर्देश दिये।

उन्होंने ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन कराने पर जोर दिया। इसके बाद खण्ड विकास कार्यालय के सभागार में लगभग हर पटल के विकास कार्यों की समीक्षा की तथा लंबित योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने महिला लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रमाण पत्र भी सौंपे व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने श्री चतुर्भुजी राम जानकी मंदिर परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण को संतुलित रखने में जन सामान्य  से योगदान करने की अपील की। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने की बात भी कही। इस मौके पर कटरा क्षेत्र के विधायक बावन सिंह सहित जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र, सीडीओ सहित तमाम अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button