कला-साहित्य

रिश्तों का समीकरण

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

मैं बहुत अच्छा वक़्ता तो नहीं हूँ पर फिर भी मैं स्थानीय साहित्यिक कार्यक्रमों में अक्सर बतौर वक़्ता आमंत्रित किया जाता हूँ।कई बार ऐसे कार्यक्रम साहित्यिक होते हैं तो कई बार सामान्य प्रकार के भी।एक बार ऐसे ही एक कार्यक्रम मे मुझे आमंत्रित किया गया था जिसमें मुझे”वर्तमान माहौल में रिश्तों पर गहराता संकट “विषय पर व्याख्यान देना था।मुझे यह विषय थोड़ा अलग लगा इसलिए मैने इस आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार कर लिया साथ ही इसकी तैयारी में भी जुट गया।नियत समय पर मैं सभागार में पहुंच गया श्रोताओं की अच्छी खासी भीड़ थी लिहाजन मैं थोड़ा डर भी रहा था शायद यह मेरे जैसे सामान्य वक़्ता के लिए स्वाभाविक भी था।मेरे से पहले तीन वक्ताओं ने अपनी बात रखी लोगों ने उन्हें बड़ी ही शान्ति से सुना उनसे कुछ सवाल भी पूछे जिसका लगभग सभी वक़्ताओं ने अपने अपने तर्क के अनुसार ज़बाब भी दिया।अब मेरी बारी थी जैसे ही कार्यक्रम संचालक ने मेरा नाम पुकारा कि मेरी धड़कनें तेज हो गईं पर मैंने खुद को सहज किया और पोडियम पर पहुँच कर श्रोताओं की तरफ एक नजर डाली,सारी की सारी आँखें मुझे घूरती हुई सी लगीं।बहरहाल,मैने एक लम्बी सांस ली और बोलना शुरु कर दिया।सबसे पहले मैने उन्हें एक छोटी सी कहानी सुनाई और फिर मैने उसी कहानी को केंद्र में रखते हुये रिश्तों के बारे में बोलना शुरु कर दिया।मैने मेह्सूस किया कि लोग बिना फुसफुसाहट के मेरी बात बड़े ही ध्यान से सुन रहे थे,और ऐसा तभी होता है जब श्रोता पूरी तरह से वक़्ता से जुड़ जाता है,सम्भवत: वे शायद मुझसे जुड़ा हुआ मेह्सूस कर रहे थे।मैने बोलते हुए अचानक घड़ी पर नजर डाली तो मुझे लगा कि मै अपनी तयशुदा वक़्त सीमा से ज्यादा बोल गया हूँ तो मैने संचालक की तरफ ईशारा किया तो उसने मुझे ईशारों में ही बोलते रहने का ईशारा किया तो फिर मैने भी इत्मीनान से अपना वक़्तव्य पूरा किया और फिर ड़ायस पर ही बैठ गया।श्रोताओं ने जम कर तालियाँ बजाइँ और फिर संचालक महोदय ने लोगों से सम्बंधित सवाल पूछने का अनुरोध किया और फिर सवाल आते रहे और रहे और मैं उनका उत्तर देता रहा,मुझे ऐसा लग रहा था कि मेरे व्याखान ने इन्हेँ काफी प्रभावित किया है अत:मन ही मन मैं खुद को शाबासी भी दे रहा था।
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद वक्ताओं और आयोजकों की टीम के लिए जालपान की व्यवस्था थी,हम सब आपस में बात करने के साथ साथ चाय का आनंद ले रहे थे तभी मैने एक युवती को अपनी तरफ आते देखा।ऐसे कार्यक्रमों के दौरान कई बार लोग बात करने या आपकी बात से असहमति जताने आया करते हैं यही सोच कर मैं फिर एक दूसरे वक़्ता से बात करने लगा।वह युवती मेरे पास आकर रुकी तो मैने भी उसकी तरफ देखते हुए पूछा:
-जी कहिये आपको किससे बात करनी है
-जी मुझे आपसे ही बात करनी है,अगर आपके पास थोड़ा वक़्त हो तो
-जी,बिलकुल करिये,मुझे बहुत खुशी होगी,आईये बैठ कर बातें करते हैं,और मैने पास ही रखी कुर्सी पर उससे बैठने को कहा और मैं भी बैठ गया।
-मैं आपके लिए चाय लेकर आता हूँ
-सर,प्लीज आप कष्ट नहीं करें
-आप रिलैक्स हो कर बैठें,हम चाय के साथ बातें करते हैं,और मैने उसे भी चाय की कप देते हुए कहा
-कहिये,क्या कहना चाहती हैं आप?
-सर थैंक्स फॉर टी
-नो थैंक्स,इट्स माई प्लेजर मैम
-सर मेरा नाम डा रंजना देशमुख है,मैं एक डिग्री कालेज में साइकोलॉजी की लेक्चरर हूँ,दर असल मेरे थीसिस का सबजेक्ट भी ह्युमन रिलेशन से ही जुड़ा हुआ है ,आज के लेक्चर में मुझे आपका तर्क और आपकी सोच दोनों ने ही प्रभावित किया साथ ही मेरे मन में कुछ सवाल भी उठ रहे थे तो मैने सोचा आपसे बात ही कर लेती हूँ तो इसी बहाने आपसे परिचय भी हो जाएगा और चर्चा भी हो जायेगी,होप आप बुरा नहीं मानेंगे
-इस संबंध में आप आश्वस्त रहें और मुझे भी लोगों से मिलना जुलना अच्छा लगता है इसलिए मैं तो यह सोच रहा हूँ कि इसी बहाने मुझे भी आपको जानने का मौका मिल रहा है,आप बतायें क्या सवाल है आपका?
-सर आपने आज के विषय को बहुत ही गम्भीरता से समझने और समझाने की कोशिश की है और मैं आप द्वारा कही गई बातों से पूरा पूरा इतेफाक़ रखती हूँ पर आपका कहना है कि आज जो रिश्तों पर संकट गहराता जा रहा है उसका मुख्य कारण बढ़ती हुई अपेक्षाएं हैं,पर अहम सवाल यह है कि अपेक्षा क्यों नहीं रखी जाये?साथ ही आपने यह भी कहा कि इसकी एक वजह जीवन में बढ़ता तनाव पर फिर एक बार वही सवाल आता है कि आज की जीवन शैली में तनाव कैसे कम हो सकता है,यह तो अपने आप में एक टास्क सरीखा हो जाता है।
-डा रंजना जी मैं आपकी तरह मनोवैज्ञानिकतो नहीं हूँ पर हाँ एक साहित्यकार होने के साथ साथ जिन्दगी को बहुत करीब से और यूँ कहें कि खुर्दबीन से देखा है मैने और उसके आधार पर ही आज मैने अपना व्याखान दिया था।मैं मानता हूँ कि आज की जीवन शैली से तनाव या मेन्टल स्ट्रेस को अलग करके नहीं देखा जा सकता है पर आप यह भी देखें कि क्या हम रिश्तों को नजर अंदाज करके जी सकते हैं!जबाब नहीं मे ही मिलेगा फिर तनाव को दूर क्यों नहीं किया जाये?और जहाँ तक अपेक्षाओं का सवाल है तो बेशक़ अगर उन्हें सीमित कर दिया जाये या शून्य कर दिया जाये तो रिश्ते आजीवन निभाए जा सकते हैं।
-सर,एग्री पर मेरा एक छोटा सा सवाल है एक लड़का जो अपने माता पिता की अकेली संतान है,माता या पिता किसी एक ,मान लीजिये पिता की मृत्यु हो जाती है और बेटा विदेश में रहता है जहाँ माँ को साथ ले जाना संभव नहीं तो ऐसे में माँ की अपेक्षा की बेटा मेरे साथ रहे क्या गलत होगी?या फिर वह अकेली रहने का दंश भोगती रहे और अपेक्षा ही नहीं रखे ताकि बहू बेटे से उसका रिश्ता बेहतर बना रहे,सर इस पर आप क्या कहेंगे?
-जी आपका सवाल छोटा नहीं बल्कि बहुत बड़ा है पर मेरे ख्याल में एक माता पिता के रुप मे हम हमेशा ही अपने बच्चों के लिए अपनी सुख सुविधाओं का त्याग करते हैं और हमें उससे जो खुशी या सुख मिलता है उसकी तुलना नहीं की जा सकती तो यहाँ भी हमें ऐसे ही त्याग का उदाहरण देते हुए अपनी अपेक्षा को शून्य कर देना चाहिए,यह मेरी व्यक्तिगत राय है पर मैं इसे किसी पर थोप नहीं सकता।
-सर,आप खुद भी सोचिये इसे क्या आप व्यवहारिक समझते हैं?
-डा रंजना बिलकुल यही व्यवहारिक सोच होगी जो आपके या हमारे अपेक्षा के स्तर को कम कर सकती है वर्ना आइडियल सोच तो अपेक्षा को और बढ़ा देगी और हम अच्छे रिश्ते को भी खराब कर देंगे।
-सर क्या रिश्तों पर गहराते संकट के नाम पर हर जगह एडजस्ट कर लेना सही होगा,क्या बच्चों की कोई जिम्मेदारी नहीं बनती?
-देखिये,हम अपनी बहस को गलत दिशा दे रहे हैं,हम माता पिता हैं,हमारी
सोच और हमारी अपेक्षा दोनों के मामले में हमारा नजरिया अलग होना चाहिए या यूं कहें कि ज्यादा परिपक्व होना चाहिए।
-सर,पता नहीं क्यों मैं आपके तर्क से सहमत नहीं हो पा रही हूँ,मुझे लगता है कि रिश्ते में मिठास तभी आ सकती है जब हम अपेक्षा रखें और वह पूरी भी हो वर्ना रिश्ते किस काम के।
-डा साहिबा मैं अभी भी अपनी बात पर कायम हूँ
-ठीक है सर बहुत बहुत शुक्रिया आपका इतना समय देने के लिए।
-जी पर मुझे खेद है कि मैं आपकी समस्या का समाधान नहीं कर पाया।
-कोई नहीं सर,टेक ईट ईजी और एक बार फिर से शुक्रिया आपका,फिर कभी मुलाकात होगी आपसे ।
-जी बिलकुल मिलेंगे।
इसके साथ ही उसने मुझे दोनों हाथ जोड़ कर नमस्ते कहा और निकल गई ,मुझे ऐसा लग रहा था मानों मेरे तर्क आज कमजोर पड़ गये थे।मेरे दिमाग और दिल दोनों में उसके शब्द घूम रहे थे “रिश्तों में मिठास तभी आ सकती है जब हम अपेक्षाएं रखें और वे पूरी भी हों वर्ना रिश्ते किस काम के ”

राजेश कुमार सिन्हा
बान्द्रा(वेस्ट),मुंबई-50

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button