दो टूक : बहते रहना ही जीवन है

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
चन्द्रशेखर चबूतरा पर 11 अगस्त को इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष श्री रामाधीन सिंह, जनमुख ( हिन्दी दैनिक ) के प्रधान संपादक श्री ब्रजेश कुमार, लोकतन्त्र सेनानी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री रामसेवक यादव और अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर इन्द्रसेन श्रीवास्तव का साथ मिला। तकरीबन आधे घण्टे तक श्री रामाधीन सिंह के साथ अलग से बैठा। बड़े पदों पर बैठे छोटे मन के लोगों के बारे में श्री रामाधीन सिंह की राय सुना।
उसी राय को अर्पित है –
बहते रहना ही जीवन है
——————
पत्ता उड़ सकता है लेकिन, पौधा नहीं उड़ा करता है।
झुकता है गुणवान आदमी, पत्थर नहीं झुका करता है।
रुक सकता है लोहा पथ में, साथी भी रुक सकते हैं पर,
तेज हवा के डर से कोई, दरिया नहीं रुका करता है।
कभी अंधेरे से लड़ने में, कभी उजाले के खातिर,
बुझ जाता है फिर भी कोई, दीपक नहीं मरा करता है।
दिन की तीखी धूप छोड़ दो, काली रात की वर्षा में भी,
सदा अकेले रहने वाला, बरगद नहीं डरा करता है।
साधू होने के रस्ते में, जंगल बड़ा ठौर है फिर भी,
जंगल में हर रहने वाला, साधू नहीं हुआ करता है।
इन्तजार करता है चातक, स्वाति की पहली बूंदों का,
लेकिन कभी चाह की अपने, चिठ्ठी नहीं लिखा करता है।
जबतक दम है बहते रहिए, बहते रहना अपना जीवन,
युगों बाद भी बहने वाला, पानी नहीं सड़ा करता है।
– धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव
( धीरु भाई )




