शक्ति

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
शुभ रहेगा आगमन यह
आज इस भारत भूमि पर
आ गए नवरात्र देखो
आ चली मां केसरी चढ़।
यह शरद की पुण्य बेला
पुष्प गुड़हल के खिले सब
भीड़ लगती है पथों में
शक्ति पूजन को चला जग।
मुण्डमाला और खप्पर
शीश लटका माल कैसा
हे दया की खान अम्बे
दीर्घ लोचन लाल कैसा?
हैं भयातुर असुर सारे
आज थर थर कांपते हैं
कालरात्रि की निशा यह
दुष्ट डरकर भागते हैं।
आज लोहित लोचनों में
है व्यथा पीड़ित जनों की
यह हलालल रोष का पर
व्याधि हरता सज्जनों की।
आज शोषण के असुर सब
रक्तबीजों सम हुऐ हैं
रक्त पीते निर्धनों के
नृप रिपु के सम हुए हैं।
राज सब अन्याय का जो
नाश करना तुम भवानी
देश शासित हो गुणों से
भय रहित हो संत ज्ञानी।
विश्व ज्योति की जलन में
हों घृणा के मान मर्दित
हर हृदय पट ओलती पर
प्रेम दीपक हो प्रतिष्ठित।
जो चलाते वाहनों को
उस कृषक कृषकाय तन पर
सूर्य उनके अस्त कर दो
कालरात्रि भेज उन पर।
भद्रकाली नील नभ में
गिद्ध अपने अब उड़ाओ
प्राण हर लो शोषकों के
शूल अपना अब चलाओ।
तुम कहां हो क्रूर माते
कर्मफल बस बांचती हो
तुमसे केवल वह डरे जो
देशद्रोही पातकी हो।
है जगत तेरा जना यह
हो अनोखी भाविनी तुम
ऊंचे पर्वत पर भवन है
देवमाता मानिनी तुम।
आज पुलकित है हृदय यह
कालिके तेरी कृपा से
भक्ति उमड़ी है हिया में
भर गया था जो व्यथा से।
हे जया तुम चंद्रघंटा
शाम्भवी मत भूल जाना
दीन यह मधुकर शिशु है
स्नेह सागर तुम बहाना।
मधुकर वनमाली
मुजफ्फरपुर बिहार



