पुनरीक्षण के तहत स्कूलों में पोस्टर व मेहंदी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गोंडा । आसन्न विधानसभा निर्वाचन-2022 के दृष्टिगत जहाँ एक ओर जिले में नए मतदाता बनाने व मतदाता सूची में आवश्यकतानुसार संशोधन का कार्य भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रगति पर है। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने हेतु लगातार विभिन्न प्रतियोगिता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। स्वीप प्रभारी/जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिले में विवेकानंद इंटर कालेज गोण्डा तथा सुभाष इंटर कॉलेज उमरीबेगमगंज में पोस्टर व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। छात्राओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। पोस्टर व मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने जनसामान्य से अपील किया कि वे भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशन में 30 नवंबर तक चलने वाले पुनरीक्षण अभियान का हिस्सा बनें और ऐसे युवा जो अभी तक किन्हीं कारणवश मतदाता नहीं बन सके हैं, उन्हें मतदाता बनाएं।




