असम

असम-मिजोरम सीमा संघर्ष, बराक घाटी में ‘बंद’ से जनजीवन प्रभावित

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

गुवाहाटी : मिजोरम के साथ हाल में हुए अंतरराज्यीय सीमा संघर्ष में छह पुलिसकर्मियों समेत सात लोगों की मौत की घटना पर विरोध जाहिर करने के लिए आहूत 12 घंटे के बंद से असम की बराक घाटी के तीन जिलों में जनजीवन बुधवार को बुरी तरह प्रभावित हुआ। मिजोरम और असम के बीच अंतरराज्यीय सीमा के पास सोमवार को हुई झड़प में एक पुलिस अधीक्षक समेत 50 अन्य घायल हो गए थे और सात लोगों की मौत हो गई थी। बराक घाटी में सुबह 5 बजे से प्रभावी बंद के मद्देनजर सभी कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे और बहुत कम वाहन मिजोरम की सीमा से सटे कछार, हैलाकांडी, और करीमगंज जिलों की सड़कों पर दिखे जबकि आपातकालीन सेवाओं को रियायत दी गई थी। हालांकि, उत्तरपूर्व सीमांत रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि ट्रेन सेवाएं अब तक अप्रभावित हैं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बराक डेमोक्रेटिक फ्रंट (बीडीएफ) द्वारा बुलाए गए और विपक्षी एआईयूडीएफ समेत राजनीतिक संगठनों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा समर्थित बंद “पूर्ण” था और किसी जिले से किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। बीडीएफ के मुख्य समन्वयक प्रदीप दत्ता रे ने कहा कि लोगों ने अनायास ही बंद को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, “हमें मजबूरन यह बंद आहूत करना पड़ा क्योंकि हमारे पुलिसकर्मियों की मौत हुई है और विवाद का स्थायी समाधान होना चाहिए क्योंकि हम और खून-खराबा नहीं चाहते हैं हैलाकांडी जिले में कई सामाजिक संगठनों ने मिजोरम जाने वाली सड़कों को बाधित कर दिया और पड़ोसी राज्य तक जाने वाले मालवाहक ट्रकों की आवाजाही को रोकने के लिए अनिश्चितकालीन ‘‘आर्थिक अवरोध” शुरू कर दिया। कई संगठनों ने सात लोगों की मौत के खिलाफ घाटी के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन किए और विवाद का स्थायी समाधान मांगा।असम और मिजोरम के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक केंद्रीय गृह मंत्रालय के तत्वावधान में दोपहर में नयी दिल्ली में इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष भूपेन बोरा के नेतृत्व में 7 सदस्यीय प्रतिनिधमंडल मौजूदा स्थिति की समीक्षा के लिए विवादित सीमा का दौरा करेगा। हिंसक अंतरराज्यीय सीमा संघर्ष में मौजूदा एसपी वैभव चंद्रकांत निंबालकर को गंभीर चोटें आने के बाद हैलाकांडी पुलिस अधीक्षक रमनदीप कौर को कछार पुलिस प्रमुख के तौर पर तैनात किया गया है। गृह एवं राजनीतिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक कौर का स्थान चिरांग पुलिस प्रमुख गौरव उपाध्याय लेंगे। उपाध्याय का स्थान प्राणजीत बोरा लेंगे जो वर्तमान में गुवाहाटी पुलिस उपायुक्त (यातायात) के तौर पर सेवा दे रहे हैं। निंबलकर को बेहतर इलाज के लिए हवाई मार्ग से मुंबई ले जाया गया जबकि अन्य तीन को मंगलवार को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button