आप ने हरभजन सिंह, राघव चड्ढा सहित 5 लोगों को बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली : ‘आम आदमी पार्टी (आप) ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, पार्टी के विधायक राघव चड्ढा, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के संकाय सदस्य संदीप पाठक, शिक्षाविद् अशोक कुमार मित्तल और व्यवसायी संजीव अरोड़ा को पंजाब से राज्यसभा के लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के सभी 5 उम्मीदवार आज नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए यहां पंजाब विधानसभा परिसर पहुंचे। पंजाब से राज्यसभा के पांच सदस्यों …सुखदेव सिंह ढींडसा (शिरोमणि अकाली दल), प्रताप सिंह बाजवा (कांग्रेस), श्वेत मलिक (भाजपा), नरेश गुजराल (शिरोमणि अकाली दल) और शमशेर सिंह दुल्लो (कांग्रेस) का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है।
हरभजन सिंह पूर्व भारतीय स्पिनर हैं, जबकि मित्तल फगवाड़ा स्थित ‘लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के संस्थापक हैं। चड्ढा पंजाब में ‘आपश् के राजनीतिक मामलों के सह-प्रभारी हैं और दिल्ली के राजिंदर नगर से विधायक भी हैं, जबकि पाठक आईआईटी दिल्ली में सहायक प्रोफेसर हैं और अरोड़ा लुधियाना के कपड़ा व्यवसायी हैं। सभी पांच उम्मीदवारों का संसद के उच्च सदन के लिए चुना जाना तय है, क्योंकि आप ने हाल ही में हुए राज्य विधानसभा चुनाव में 117 में से 92 सीटें जीती थीं।
नामांकन दाखिल करने के बाद हरभजन सिंह ने कहा कि वह खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम करेंगे। राज्यसभा के लिए ‘आप की सूची में हिंदू समुदाय के 4 और एक सिख सदस्य के शामिल होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता एवं मौजूदा विधायक सुखपाल खैरा ने ट्वीट किया, ‘अगर आम आदमी पार्टी द्वारा संभावित राज्यसभा उम्मीदवारों की यह सूची सही है तो यह पंजाब के लिए सबसे दुखद खबर होगी और यह हमारे राज्य के लिए पहला भेदभाव होगा। हम किसी भी गैर पंजाबी को नामांकित किए जाने का कड़ा विरोध करते हैं।
यह ‘आप के कार्यकर्ताओं के साथ भी एक मजाक है, जिन्होंने पार्टी के लिए कड़ी मेहनत की है। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सोमवार है, जबकि नामांकन दस्तावेजों की जांच मंगलवार को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 24 मार्च है। राज्यसभा की छह राज्यों में 13 सीटों के लिए 31 मार्च को मतदान होना है। मतगणना भी उसी दिन की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया दो अप्रैल से पहले पूर्ण की जानी है।
पाठक, आईआईटी दिल्ली के ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग में फैकल्टी हैं और उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है। पाठक ने 2011 में प्रसिद्ध प्रोफेसर डेविड कार्डवेल के समूह में काम करते हुए पीएचडी प्राप्त की। उनका शोध पेरोव्स्काइट आधारित फोटोवोल्टिक उपकरणों के निर्माण पर केंद्रित है। पाठक कम लागत वाले उच्च प्रदर्शन वाले फोटोवोल्टिक उपकरणों के लिए नवीन सामग्री विकसित करने के इच्छुक हैं। शिक्षाविद पिछले कुछ समय से आप की चुनावी रणनीति से जुड़े हैं।




