बाजार

ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच शेयर बाजार में रौनक, 61000 के पार खुला सेंसेक्स

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली : ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच आज यानी बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत मजबूत रही। बीएसई का 30 स्टॉक्स पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 61000 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 18100 के पार खुला। कल की गिरावट के बाद आज वोडाफोन-आइडिया के शेयर में 3.81% की तेजी दिख रही है। वहीं, टीटीएमएल की कई दिनों से जारी उड़ान थम गई। आज टीटीएमल में लोअर सर्किट लगा है।

आज सेंसेक्स 397.48 अंक ऊपर 61014.37 के स्तर पर खुला तो वहीं, निफ्टी ने 18170 के स्तर से आज दिन के कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में टाटा स्टील, एनटीपीसी, सनफार्मा, बजाज फाइनेंस, कोटक बैंक, मारुति जैसे स्टॉक हरे निशान पर थे। वहीं नेस्ले इंडिया और टीसीएस कमजोर दिख रहे थे।

शेयर बाजार में लगातार तेजी के साथ बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण मंगलवार को रिकार्ड 275.20 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।  तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही और मंगलवार को यह 221.26 अंक यानी 0.37 प्रतिशत चढ़कर 60,616.89 पर बंद हुआ।

तीन दिनों की तेजी में सेंसक्स 1,015.05 अंक चढ़ा है। शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच तीन दिन की तेजी से बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण बढ़कर 2,75,20,698.50 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस तेजी के साथ निवेशकों की संपत्ति 4,05,806.62 करोड़ रुपये बढ़ी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button