कला-साहित्य
कलम कहती हैं

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
कलम है कहती लिखो उसे
जिसका परिचय स्वयं तुम,
जो झांक रहा उर भीतर से
दृग प्रेम में विकल, मन मौन।
लिखो उसे जो करुणा है,
जो प्रेम, दया का झरना है।
जो सुंदर शांत सरोवर है
विश्रांत मन का धरोहर है।
लिखो उसे जो जीवन का
संधान, लक्ष्य,विश्राम भी है,
लिखो उसे जो संसार का
कण- कण है अविराम भी है,
लिखो उसे जो मुझ में तुझ में
सर्वत्र उसकी ही छाया है,
लिखो उसे जिसका रूप
तेरी कविता में समाया है।।
अंजनी द्विवेदी
देवरिया उत्तर प्रदेश




