कल आज और कल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
“क्या यही सरयू बाबू का घर है? यह क्या हाल हो गया है! मैं वर्षों पहले जब इस कॉलोनी में आया था तो इस घर की आन बान और शान ही कुछ और थी। होती भी क्यों नहीं, ऊँचे ओहदे पर थे, ऊपर से बड़े मिलनसार। सब के साथ घुल मिलकर रहना उनका स्वभाव था”, दिवाकर जी का कौतूहल भरा प्रश्न था।
“हाँ भैया! क्या करोगे, एक-एक करके पति-पत्नी दोनों चले गए, बचे दो बेटे। उस घर के किरायेदारों की मानें तो छोटे ने बड़े को जानबूझकर इतना परेशान किया कि उसने इस घर में आना-जाना ही छोड़ दिया। छोटे ने इस घर पर कब्जा जमा लिया, पर कम से कम इस मकान का रखरखाव तो करता। इस पर दमड़ी भी नहीं खर्चता। काम-धंधे में भी मन नहीं लगता है, कई नौकरियाँ छोड़कर बेरोजगार बैठा है। घर के किराए से ही उसका खर्च चलता है।”
“ठीक कहा भैया! सरयू बाबू अक्सर बताया करते थे कि उन्होंने साधारण कृषक परिवार से बड़ी मेहनत और मशक्कतों के बाद खुद और अपने परिवार को समाज में रुतबा दिलवाया था। आज उन्हीं के एक भस्मासुर लड़के ने उनकी और उनके मेहनत से बनाए इस विशाल घर की आन बान और शान सब मिट्टी में मिला दी। मिट्टी से उठकर महल खड़ा किया था, उनके आँख मूँदते ही घर पुनः मिट्टी में मिलने चल पड़ा है। बड़े भाई इसकी बदगुमानियों पर रोक नहीं लगा सके। पर सुना है कि सरयू बाबू के पोते सुशिक्षित और संस्कारी हैं। हो सकता है वे अपने दादाजी की आन बान और शान वापस लौटा लाएँ।”
“आमेन ! मैंने और सरयू जी ने साथ-साथ इस कॉलोनी में रहना शुरू किया था। मैंने इस घर की नींव पड़ते भी देखा था, शान भी देखी और आज इस महल को खंडहर बनते हुए देखना पड़ रहा है। मैंने कल भी देखा,आज भी देख रहा हूँ और कल भी देखना ही पड़ेगा। अब देखिए,भविष्य के गर्त में क्या छुपा है?”
#नीना_सिन्हा/पटना।




