कला-साहित्य

कोरोना काल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

पैरों के छाले अब
छिपाए नहीं जाते,
मन के छाले किसी से
दिखाए नहीं जाते।
रोटी रोजी के लिए
मैं परदेशी हुआ,
अब दहशत में निवाले
खाए नहीं जाते।
दर्द से आहत हूं,
इस घोर घमासान में,
घर वापसी में कदम
बढ़ाए नहीं जाते।
यह मर्ज मर्ज न हुई,
जान की लाचारी हुई,
इसके चलते अपनों से
गले लगाए नहीं जाते।
बेटी के ब्याह की चिन्ता
इस कदर बढ़ी,
किअब जान से ज्यादा
बोझ उठाए नहीं जाते।
दुधमुंहे बच्चों को लेकर
कहां जाएं साहिब?
अब ये फूल से बच्चे
हमसे उठाए नहीं जाते।
मां कहती थी कि न जा,
घर में भी है रोटी,
नशीहतों से भरे दिन
मुझसे भुलाए नहीं जाते।
भूख-प्यास से व्याकुल
हूं पर सह लूंगा सब,
मां-बच्चों के
रोते चेहरे नजरों से
हटाए नहीं जाते।
किसी तरह घर की
दहलीज चूम लेने दो मुझे,
सच कहता हूं और कहीं
शीश नवाए नहीं जाते।
मजदूर हूं मजबूर हूं पर
मैं भी इन्सान हूं,
मुझे किसी तरह घर जाने दें,
ऐसे सताए नहीं जाते।

अनुपम चतुर्वेदी, सन्त कबीर नगर,उ०प्र०

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Check Also
Close
Back to top button