कोल के एसडीएम से बदमाशों ने की लूट, पैदल टहलते हुए घर जा रहे थे, बदमाश सरकारी फोन छीनकर फरार हो गए

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अलीगढ़। जिले की कोल तहसील में रविवार सुबह सिविल लाइन पार्क में टहलने निकले एसडीएम संजीव ओझा का बदमाश फोन छीनकर कर फरार हो गए। एसडीएम संजीव ओझा ने काफी शोर भी मचाया, लेकिन बदमाश भाग निकले । सुबह लूट की हुई इस वारदात से पुलिस महकमें में खलबली मची हुई है। पुलिस की तीन टीमें लुटेरों की तलाश में जुट गई है। कोल के एसडीएम संजीव ओझा रविवार की सुबह नकवी पार्क में टहल कर पैदल ही अपने आवास की तरफ जा रहे थे। वह लाल डिग्गी तिराहे पर पहुंचे थे। तभी पीछे से आए बदमाश उनके हाथ से सरकारी सीयूजी नम्बर सहित फोन को लूटकर कर भाग गए। एसडीएम ने काफी शोर मचाया, लेकिन लुटेरे भागने में सफल रहे। एसडीएम संजीव ओझा ने वारदात की जानकारी सीओ सिविल लाइन श्वेताभ पांडेय को दी। लूट की इस वारदात से पुलिस अफसरों के होश उड़ गए। लुटेरों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी हुई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों को पुलिस ने खंगाला है। नकवी पार्क, कलक्ट्रेट व एएमयू के पास बना हुआ है। जोकि शहर के सबसे प्रमुख पार्कों में से एक है। यहां पर शहर भर से लोग सुबह -शाम टहलने आते हैं। इनमें तमाम पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहते हैं। एसडीएम संजीव कुमार ओझा के साथ हुई लूट की घटना से यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर भी तमाम सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है। जल्द खुलासे का दावा कर रही है।




