कोविड टेस्टिंग में उड़ाई जा रही सोशल डिस्टेंशिंग की धज्जियां

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
परसपुर /गोण्डा। प्रशासन द्वारा जारी किये गए फरमान के मद्देनजर आगामी दो मई को होने वाली त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना के दृष्टिगत बनाये जाने वाले प्रवेश पत्र में कोविड टेस्ट अनिवार्य किये जाने से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परसपुर पर प्रत्याशियों तथा अभिकर्ताओं की भारी संख्या में भीड़ उमड़ी रही है। बताते चलें कि सरकार द्वारा कोरोना रूपी कहर से बचाव के लिये तरह तरह की कवायद करती नजर आ रही है। वही सीएचसी मुख्यालय परसपुर का नजारा बिल्कुल अलग ही देखने को मिल रहा है। जिसमे न तो किसी को कोरोना का भय और न ही पॉजिटिव रिपोर्ट की चिन्ता। सिर्फ डर है तो सिर्फ इस चीज का कि कहीं मतगणना हेतु प्रवेश पत्र बनाये जाने वाली दौड़ में पीछे न रह जाएं। बस यही सोच धारण किये हुये प्रत्याशी व अभिकर्ता बिना सोशल डिस्टेंशिंग का अनुपालन किये एक के पीछे एक चिपके हुये कतार में लगे हुये है। जिसपर प्रशासन एकदम मौन बना हुआ है।वहीं काफी लोग तो बिना मुँह पर मास्क लगाये ही सीएचसी परिसर में घूमते नजर आ रहे है। इसी क्रम में कोविड का एन्टीजिन टेस्ट करते हुऐ स्वास्थ्य कर्मी लगातार लोंगों से सोशल डिस्टेंशिंग बनाये रखने की अपील करते रहे है पर उन स्वास्थ्य कर्मियों से भी तरह तरह के सिर्फ सवाल किए जाते है। कोविड टेस्टिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल शून्य है।




