क्रोधित हुए थे वे

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
देखो भाई!
मैं नारी का बहुत सम्मान करता हूँ
लेकिन पता नहीं
जैसे कहीं सुनता हूँ मायावती का नाम
पता नहीं मुझे बहुत गुस्सा आता है
बेड़ा गर्क कर दिया उसने यूपी का
हाथी ही हाथी
बताओ भला होता है क्या कोई
ऐसा मुख्यमंत्री?
देखो भाई!
मैं दलितों का बहुत करता हूँ सम्मान
लेकिन पता नहीं
जैसे सुनता हूँ नाम अम्बेडकर का
पता नहीं मुझे बहुत गुस्सा आता है
बेड़ा गर्क कर दिया देश का
ये संविधान कोई संविधान है भला
बताओ होता है कोई
ऐसा संविधान निर्माता?
देखो भाई!
मैं ओबीसी का बहुत सम्मान करता हूँ
लेकिन पता नहीं
जैसे सुनता हूँ नाम लालू यादव का
पता नहीं पूरे देह में आग लग जाती है
बेड़ा गर्क कर दिया बिहार का
जंगल राज्य
बताओ भला ऐसा होता है कोई
गरीबों का मसीहा
गुस्से में तमतमाये पता नहीं
वे मुझे धमका रहे थे या
अपनी हाथों से फिसलती हुई ताकत से
बौखलाए हुए थे वे
पर बोलते समय उनके मुँह से
थूक और अजीब सी आवाज़ निकल रही थी
और आँखों में घृणा की लकीरें
साफ देखी जा सकती थी।
– संतोष पटेल , नई दिल्ली




