अलीगढ़

गणेश चतुर्थी से पहले पुलिस-प्रशासन अलर्ट

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

डीएम ने शहर में नजर रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट किए नियुक्त, 9 अधिकारी संभालेंगे व्यवस्था

अलीगढ़। सूबे के संवेदनशील जिलों में शामिल अलीगढ़ में फिर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गणेश चतुर्थी से पहले अधिकारी चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में नजर रखी जा रही है। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने शहरी क्षेत्र में नजर बनाए रखने के लिए थाना वार 11 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की है। ये इलाके पर नजर रखेंगे।
इस दौरान उन्हें किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए डीएम की ओर से सख्त आदेश जारी किए गए हैं। गणेश चतुर्थी का त्योहार 31 अगस्त से शुरू होगा और 10 सितंबर तक उत्सव जारी रहेगा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से चौकन्ना रहेंगे। डीएम ने 9 अधिकारी नियुक्त किए हैं। यह अधिकारी थाना क्षेत्र और इसके आस-पास के इलाकों पर नजर रखेंगे।
इसमें कोतवाली थाना क्षेत्र में वीरेंद्र कुमार, सासनीगेट में संजय मिश्रा, देहलीगेट में रजनीश पांडेय, रोरावर में जेपी सिंह, गांधीपार्क में अभिनंदन, बन्नादेवी में अंजलि, क्वार्सी में शैलेंद्र कुमार, सिविल लाइंस में सैयद इबादुल्ला और महुआखेड़ा थाना क्षेत्र में विपिन कुमार की तैनाती बतौर सेक्टर मजिस्ट्रेट की गई है। अलीगढ़ में जन्माष्टमी के मौके पर दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। महिलाओं पर छींटाकशी को लेकर समुदायों के बीच जमकर हंगामा हुआ था और मारपीट की नौबत आ गई थी। आरोप लगे थे कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को धार्मिक स्थान पर बंद करके मारपीट की है।
देर रात यह हंगामा शुरू हुआ था और पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया था। घटना की जानकारी मिलने पर डीएम एसएसपी सभी मौके पर पहुंचे थे। तत्काल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारियां भी की गई थीं। इसके चलते प्रशासन अलर्ट हो गया है और बिल्कुल भी कोताही नहीं बरती जा रही है। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के साथ ही पुलिस लगातार धर्म गुरुओं से बात कर रही है। लोगों से बातचीत करके उनसे शांति की अपील की जा रही है।
बताया जा रहा है कि किसी अराजक तत्व के बहकावे में न आएं। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया, लोगों से शांति की अपील की जा रही है। इसके बाद भी अगर किसी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आपत्तिजनक और संवेदनशील गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button