गोरखपुर में चार दिन छाए रह रह सकते हैं हल्के बादल, हो सकती है हल्की बूंदाबांदी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गोरखपुर : जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से एक से चार मई तक आकाश में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। एक मई को जहां हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, वहीं चार मई को 10 मिलीमीटर बारिश की संभावना है। हालांकि शुक्रवार को सुबह हल्के बादल छाए रहे लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेज धूप हो गया।
गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होकर पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड होता हुआ पूर्वी उत्तरप्रदेश की ओर आ रहा है। इसकी वजह से एक मई को गोरखपुर के उत्तरी इलाकों भटहट, पिपराइच, सहजनवां, जंगल कौड़िया, पीपीगंज आदि इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि शुक्रवार को भी स्थानीय सिस्टम की वजह से देर रात हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
गोरखपुर एनवायरमेंट एक्शन ग्रुप के मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने कहा कि दूसरी तरफ एक सिस्टम बंगाल की खाड़ी में गुरुवार को बना है। इसकी वजह से पुरवा हवाएं चलने लगी हैं। तापमान में गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञ ने कहा कि पुरवा हवा के तीन-चार मई तक चलने की संभावना है। इसकी वजह से तीन और चार मई को गोरखपुर जिले के अलावा आसपास के जिलों में बारिश हो सकती है। चार मई को 10 मिलीमीटर तक मंडलीय बारिश की संभावना है। मौसम बदलने की वजह से ही गुरुवार की देररात तेज हवाएं चलीं। इससे कई जगह पुलिस, प्रशासन की तरफ से लगाए गए अवरोध गिर गए। तेज हवाओं के कारण पोस्टर, बैनर फट गए।




