छपास सुख की अठखेलियाँ
युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
चमचमाती सड़क के बीच एक गड्ढा था। गड्ढा भी बड़ा चिढ़ा-चिढ़ा था। गड्ढे की सूरत देखकर ऐसा लगा कि कांट्रैक्टर को उसकी मुँह मांगी कीमत नहीं मिली तो सड़क के मुँह पर यह गड्ढा छोड़ गया हो। अब गड्ढा बन ही गया है तो गिरना बनता ही है। नहीं तो गड्ढे की क्या इज्जत रह जाएगी। सो आए दिन कोई न कोई गड्ढे में गिरता और अपने हाथ-पैर तुड़वाता।
एक दिन एक माँ-बेटे गड्ढे में गिर गए। आप तो जानते ही हैं कि हमारे देश में आपदा के समय सहायता करने वाले बाद में तमाशा देखने वाले पहले पहुँच जाते हैं। वैसे भीड़ की मानसिकता बहुविकल्पीय होती है। पहले तो अ की सोच ब की सोच से मेल नहीं खाएगी। मेल खा भी गयी तो स की सोच उन दोनों की नहीं मानेगी। मान भी गयी तो द की सोच कुछ करने नहीं देगी। कुल मिलाकर जहाँ थे वहीं पर रहते हैं।
कुछ पढ़े-लिखे घटना का वीडियो बनाकर अपलोड करने की अपनी मौलिक व प्राथमिक जिम्मेदारी पूरी करते हैं। ऐसा नहीं करने पर उनका हाजमा बिगड़ जाने की प्रबल संभावना बनी रहती है। यदि कोई सहायता करने के लिए हाथ बढ़ाता है तो उसे अनपढ़-गंवार कहकर उसका मजाक उड़ाया जाता है। ऐसे लोगों की सोच में समझदार हेल्पलाइन नंबर पर फोन लगाते हैं और बेवकूफ सहायता करने के चक्कर में खुद पुलिस थाने के चक्कर में लग जाते हैं। इन सब के बीच सबसे खुश एक ही व्यक्ति रहता है जो न तो सहायता करता है न हेल्पलाइन को फोन। जानते हो वह व्यक्ति कौन होता है? उसे ही आज की दुनिया में व्यंग्यकार कहते हैं। उसे तो ऐसे-जैसे-तैसे लिखने के लिए मसाला चाहिए। मसाला मिल गया तो समझो कोरा कागज घिसकर काला कर दिया। छप गए अगले दिन। लाइक्स पर लाइक्स और शेयर का सुख अलग से। वाहवाही के झूले में झूलने वाले व्यंग्यकार लोगों की पीड़ाओं में अपने छपास सुख की अठखेलियाँ खेलते रहते हैं।
डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा उरतृप्त, मो. नं. 73 8657 8657




