जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
सबसे प्यारी मेरी भारत भूमि,
ऋषि मुनियों और संतों की तपोभूमि।
गूँजता है कण कण में ओंकार जहाँ,
मंदिर का शंखनाद,मस्जिद का आजान जहाँ।
गीता के ज्ञान से सुशोभित कर्मभूमि,
सबसे प्यारी मेरी भारत भूमि…
रणवांकुरों का है देश हमारा,
देशभक्त राणा,शिवा और भगत का नारा।
कहीं हुँकार भरती है झांसी की रानी,
देशहित के लिए वो बनी मर्दानी।
इस राष्ट्र की मिट्टी सभ्यता की है जननी,
सबसे प्यारी मेरी भारत भूमि…
उत्तर में श्रृंगार है हिमाद्रि का,
दक्षिण में हिन्द महासागर पाँव पघारता।
पूरब में बंगाल की खाड़ी,
पश्चिम अरब सागर है संवारता।
सर सरोवर,ताल तलैया और निर्झरिणी,
सबसे प्यारी मेरी भारत भूमि…
गंगा ,जमुना,सरस्वती कलकल जहाँ है बहती,
छः ऋतुओं से धरा जहाँ है सजती।
होली की गुजिया,ईद की सेवईयां जहाँ एक जगह है बनती,
अखण्डता में एकता की अवतारिणी।
सबसे प्यारी मेरी भारत भूमि…
डॉ. रीमा सिन्हा (लखनऊ)




