जिला पंचायत अध्यक्ष विधायक सदर व डीएम ने निशुल्क खाद्यान्न वितरण का किया शुभारंभ

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गोंडा । राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत निशुल्क खाद्यान्न वितरण का शुभारंभ जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा डीएम मार्कंडेय शाही और विधायक सदर प्रतीक भूषण शरण सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कार्ड धारकों को अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा निशुल्क को खाद्यान्न का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को 35 किलो निशुल्क खाद्यान्न जिसमें 15 किलो चावल तथा 20 किलो गेहूं हैं, दिया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को 5 किलो प्रति यूनिट जिसमे 2 किलो चावल तथा 3 किलो गेहूं दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर खाद्यान्न के साथ 1- 1 किलो खाद्य तेल, नमक तथा चना भी दिया जा रहा है। यह खाद्यान्न एवं अन्य सामान मार्च 2022 तक निशुल्क दिया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक सदर ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण जब जनजीवन ठप हो गया था तथा पूरी तरह लॉकडाउन था उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निशुल्क खाद्यान्न वितरण का निर्णय लिया था और विगत 2 वर्षों से यह निशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। पूरे भारत में ऐसे 80 करोड़ गरीब परिवारों को खाद्यान्न वितरित किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 16 करोड लोगों को निशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। जिले में सभी कोटे की दुकान के द्वारा आज से खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी सुरेश कुमार सोनी, जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा मिश्रा सहित लाभार्थी गण उपस्थित रहे।




