जीवन एवं अधिक उत्पादन के लिए जल संरक्षण जरूरी: डॉ. कनौजिया

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अजय दुबे
कन्नौज। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के स्थापना दिवस के दूसरे दिन आज कृषि विज्ञान केंद्र पर जल संरक्षण गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें 65 कृषकों एवं महिला कृषक ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम कृषि में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के योगदान पर चर्चा की गई साथ ही इस अवसर पर किसानों को मोटे अनाजों व केंद्र की गतिविधियों की प्रदर्शनी दिखाई गई और विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र कन्नौज के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. वी.के. कनौजिया ने किसानों को सलाह दी कि वर्षा के दौरान जल का संरक्षण जरूर करें, क्योंकि यही वह जल है जो वर्ष भर जमीन से निकाले गए जल की पूर्ति काफी हद तक कर सकता है। इसके लिए किसी मूल्य को चुकाना नहीं पड़ता सिर्फ सार्थक प्रयास की आवश्यकता है। जल के बिना जीवन की कल्पना भी संभव नहीं है क्योंकि जल से ही पौधे है। पौधों से भोजन और ऑक्सीजन प्राप्त होती है और यह दोनों जीवित रहने के लिए अत्यंत आवश्यक है। धरती पर कुल उपलब्ध जल का 2.5% जल पीने योग्य है।
जल का सबसे अधिक उपयोग कृषि, घरेलू उपयोग व औद्योगिक कार्यों में होता है परंतु जल के संरक्षण का सबसे सुगम क्षेत्र कृषि है, जहां थोड़े से उपायो द्वारा जल को खेतों तालाबों, नालों, पोखरों, परती भूमि आदि में मेड़बंदी, मिट्टी अथवा कंक्रीट के छोटे-छोटे बांध बनाकर किया जा सकता है। कृषि योग्य भूमि में वर्षा ऋतु में खेत के चारों ओर ऊंची मेड बनाकर, फसलों को मेड़ों पर बोकर तथा बड़े खेतों को छोटे-छोटे टुकड़ों में मेंडो की सहायता से बाटकर भूमि और मिट्टी को बहने से बचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया वर्षा के दौरान खेत की जुताई ढाल के विपरीत ही करें तथा उर्द, मूंग, सनई, ढैंचा, ग्वार, मूंगफली, लोबिया की खेती करना जल संरक्षण को बढ़ावा देना तथा मृदा के स्वास्थ्य को उत्तम बनाना है। इस दौरान खेत की जुताई के बाद यह अवश्य सुनिश्चित करे कि जहां से पानी के निकलने की संभावना हो वहाँ मेंड अवश्य बांध ले। खेतों की मेड़ न बांधना मात्र जल के ह्रास का विषय नहीं है बल्कि यह भूमि की उत्पादकता को भी घटाता है परिणाम स्वरूप किसान को आर्थिक हानि होती है।
इसी प्रकार परती भूमि में वृक्षारोपण तथा मेड़बंदी द्वारा जल संरक्षण का कार्य सुगमता पूर्वक कर सकते हैं। बहते हुए पानी को कुछ समय अथवा लंबे समय के लिए रोकना जल के संरक्षण की दिशा में एक महान कार्य है जो प्रत्येक नागरिक को करना चाहिए। केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. पूनम सिंह ने मोटे अनाजों की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सुशील कुमार, डॉ. चंद्रकला यादव व अमरेन्द्र ने भी अपने विचार रखे।




