ड्राइवर की पत्नी ने लगाया वसीम रिजवी पर दुष्कर्म का आरोप

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ। शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी पर उनके चालक की पत्नी ने डरा धमका कर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। मंगलवार को महिला कई अधिवक्ताओं के साथ सआदतगंज कोतवाली पहुंची और वसीम रिजवी के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर सआदतगंज ब्रजेश यादव ने बताया कि महिला का पति वसीम रिजवी के यहां चालक था। मंगलवार को उसकी पत्नी कई अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली पहुंची। महिला के मुताबिक कई साल से उसकी पति शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी के यहां गाड़ी चलाते हैं। महिला ने बताया कि वसीम रिजवी अक्सर यतीमखाने में ही रहते हैं। कुछ साल पहले उन्होंने पति को भी यतीमखाने के पास ही एक सर्वेंट क्वार्टर दे दिया था। उसके बाद वह भी परिवार के साथ उसी क्वार्टर में रहती है। उसने बताया कि करीब पांच साल पहले शाम को पति ने फोन किया कि उन्हें गाड़ी लेकर शहर के बाहर जाना है। पति चले गए। इसके बाद रात करीब 10 बजे वसीम रिजवी सर्वेंट क्वार्टर स्थित घर पहुंचे। दरवाजा खोला तो वह अंदर घुसते चले आए और छेड़छाड़ करने लगे। विरोध पर उन्होंने बच्चों और पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। इसके बाद दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। महिला का आरोप है कि वसीम रिजवी अक्सर उसके पति को शहर के बाहर भेज देते और अक्सर घर आकर शारीरिक शोषण करते थे। प्रताड़ना से त्रस्त होकर 11 जून को पति को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद पति वसीम रिजवी के घर पहुंचे। विरोध किया तो उन्होंने पति के सारे कपड़े उतरवाए, मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस छीन लिया। इसके बाद उन्हें जमकर पीटा। फिर धमकाते हुए भगा दिया। इसके बाद से पति और पूरा परिवार दहशत में है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। महिला का आरोप है कि वसीम रिजवी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। उसे वायरल करने की धमकी देकर अक्सर घर आते और फिर दुष्कर्म करते थे। पीड़िता ने बताया कि वह उनकी हरकतों से त्रस्त हो चुकी है। तहरीर के माध्यम से महिला ने उच्चाधिकारियों से वसीम रिजवी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।




