कला-साहित्यविचार
तब जीवन के गाँव में

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
तब जीवन के गाँव में
फूल खिल जाते हैं
अँगड़ायी लेतीं मंजरियों पर भँवरे मंड़राने लगते हैं
झर झर झरते झरनों की थाप पर
कल कल करतीं तन्वंगी पी मिलन का सपना
आँखों में सँजोए
बलखातीं इतरातीं गातीं जातीं हैं
जब दिशाओं में रितुराज सरसता हुआ
हृदयतन्त्रिका पर
बिलाबल के स्वर छेड़ जाता है
वहीं दीपक की तपिश
बसंत के माधुर्य को जलाकर
पुरस्कार में दे जाती है
जलता तपता जीवन
फिर स्वयं सरस्वती ही
मेघमल्हार छेड़ मेघों को बरसने पर मजबूर क्यों न कर दे
पर वह धधकता जीवन गाँव
फिर नहीं सरसता
फिर वहाँ कभी कोई फूल भी नहीं मुसकता
और ना कोई खुशी का अंकुर ही फूटता है
वहाँ तो बस जाता है सदा सदा को
ऊजड़पन
सिर्फ और सिर्फ
केबल ऊजड़पन ।
देवयानी भारद्वाज
उसायनी फीरोजाबाद




