“तुम्हारा स्वागत है “

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
समेट लिए है पंख जाते समय ने
खट्टी मीठी यादों का लेख जोखा
क्षितिज भी कनखियों से डूबते सूरज की
हौसला अफ़जाही कर रहा
मन मुदित नारंगी आभा
फ़ेला कर
तुम्हारा उदय तुम्हारी कर्मशीलता सत्य है
युगों से पथिक रहे हो
तुम्हारा कर्म ही तुम्हारी विश्राम स्थली है
निरंतर सबको उत्थान की ओर अग्रसित कर
देव दूत से चलते रहो
निशा देती है अपनी गोद में
ममत्व तुझे
छुपा लेती है माँ सरीखे
कि इस निशा बेला में तुम्हारी निंद्रा में कोई
हस्तक्षेप ना हो
उढा देती है चादर स्याह कोई देख ना ले
उसका दुलारा सो रहा है
भोर की रश्मियाँ स्वर्णिम उपहार दे
हौले से जगाएँगी
तुम नव वर्ष में खिलखिलाते उठोगे
नव चेतना का व्योम सम्भाले
दिखाओगे राह भ्रमित पथिक को
उँगली थामे ले चलोगे गंतव्य की ओर
हे युगपुरुष सूर्य तुम इस नव वर्ष में
टूटने मत देना किसी को
किसी के आँसू निरर्थक मत बहने देना
आओ नव वर्ष बिखेर दो आभा अपनी
समस्त भू मंडल तुम्हारे देदीप्य से
जगमगा उठे
हर लो पीड़ा सभी होटों पर शबनम खिला दो
सवि शर्मा
देहरादून




