दारोगा पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/ जालौन। उरई कोतवाली क्षेत्र में चौकी इंचार्ज रहे दरोगा पर आत्महत्या के लिए पेरित किए जाने का मामला दर्ज किया गया है। युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल नागेन्द्र पाठक का कहना है कि मामला छह माह पुराना है। न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि करीब छह महीने पहले इंदिरा नगर निवासी युवक विनय रेकवार ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। परिजनों का आरोप था कि विनय को तत्कालीन मंडी चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह ने फर्जी आर्म्स एक्ट में फंसाकर जेल भेजा था। जेल से छूटने के बाद भी चौकी इंचार्ज ने पैसों की मांग को लेकर उसे धमकी दे रहा था। इससे आहत होकर विनय ने घर पर फांसी लगा ली थी। इतना ही नहीं पोस्टमार्टम हाउस में रखे विनय के शव की आंख नेवले नोच ले गए थे। इसको लेकर परिजनों ने अस्पताल के सामने रोड पर जाम लगाकर हंगामा भी किया था। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी प्रकार लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया था। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार कोतवाली में उक्त दारोगा के खिलाफ शिकायत की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार आरोपी दरोगा अभी भी जिले के एक थाने में तैनात है।




