कला-साहित्य

देशप्रेम के मुक्तक

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

(1)
हिन्दू,मुस्लिम एक हैं,सभी एक इंसान।
सिक्ख और ईसाईयत,सब में इक भगवान।
जब सारे मिलकर रहें,तो गुलशन आबाद,
देश प्रगति के पूर्ण तब,होंगे सब अरमान।।
(2)
खेतों में जब श्रम करें,हलधर प्रखर किसान।
सीमाओं पर हों डँटे,सारे वीर जवान।
तभी देश आगे बढ़े,जीते हर इक जंग,
तभी बनेगा वास्तव,भारत देश महान।।
(3)
भारत माँ का लाल हूँ,दे सकता मैं जान।
गाता हूँ मन-प्राण से,मैं इसका यशगान।
आर्यभूमि जगमग धरा,बाँट रही उजियार,
इसकी गरिमा,शान पर,मैं हर पल क़ुर्बान।।
(4)
भगतसिंह,आज़ाद का,अमर सदा बलिदान।
ऐसे पूतों ने रखी,भारत माँ की आन।
जो भारत का कर गए,सचमुच चोखा भाग्य,
ऐसे वीरों ने दिया,हमको नवल विहान।।
(5)
जय-जय भारत देश हो,बढ़े तुम्हारा मान।
सारे जग में श्रेष्ठ है,कदम-कदम उत्थान।
धर्म,नीति,शिक्षा प्रखर,बाँटा सबको ज्ञान,
भारत की अभिवंदना,दमके सूर्य समान।।
(6)
तीन रंग की चूनरी,जननी की पहचान।
हिमगिरि कहता है खड़ा,मैं हूँ तेरी शान।
केसरिया बाना पहन,खड़े हज़ारों वीर,
अधरों पर जयहिंद है,जन-गण-मन का गान।।
(5)
अमर जवाँ इस देश के,भरते हैं हुंकार।
आया जो इस ओर यदि,देंगे उसको मार।
रच डाला इतिहास नव,लेकर कर शमशीर,
दुश्मन का हमने किया,हर युग में संहार।।

-प्रो.(डॉ) शरद नारायण खरे

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button