देश प्रेम

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
अंग्रेजों की गंध को, भारत की मिट्टी से यूं मिटाना है ।
हिंदुस्तान में रहने वालों को, हिंदुस्तानी हमें बनाना है ।।
वेदों के “वसुधैव कुटुम्बकम्” को अपनाना है ।
सारी दुनिया को अपना परिवार हमें बनाना है ।।
फिर अशोक की धम्म नीति को, आज हमें अपनाना है ।
पुनः हमारे भारतवर्ष को, सोने की चिड़िया हमें बनाना है ।।
“ऋग्वैदिक” सभ्यता को आज हमें अपनाना है ।
हिंसा मुक्त हो, जाति विहीन वह सभ्य समाज हमें बनाना है ।।
बुद्ध के पद चिन्हों पर चलकर, देश को गृह युद्ध से बचाना है ।
कैंडल मार्च बहुत हुआ, अब दुष्टों को नरक द्वार पहुँचाना है ।।
“माँ” भारती का गौरव अब, तारीखों का मोहताज नही ।
बेटी बचाओ के नारे का झूठा स्वांग नही रचाना है ॥
देश की बेटी को बचाकर सच्चा कर्म, हमें करते जाना है ।
आओ मिलकर नव भारत बनाए, कुछ ऐसा ईमान बनाना है ।।
सर्व धर्म समभाव का परिचय देकर, सबको गले लगाना है ।
जनसंगठन में अपार शक्ति है, यह बात अब सबको बतलाना है ।।
विश्व विद्यालय नालंदा व विक्रमशिला को फिर से श्रेष्ठ बनाना है ।
आज हमें विभिन्न देशों के कोनों में, भारत का इतिहास सुनाना है ।।
दुर्गावती व लक्ष्मी बाई के साहस को, पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढाना है ।
हर बुराई से लड़ सकें, बेटियों को इतना मजबूत बनाना है
बापू के औचित्यो से, भारत को आगे बढ़ाना है ।
आतंकवाद फैलाने वालों को, अब भगत सिंह का रूप दिखलाना है ।।
देश की आजादी में लड़े, हर योद्धा का मान बढ़ाना है ।
बहुत हुई हर बात पुरानी, अब भारत को विश्व विजयी बनाना है ।।
भारत है एकीकरण का मार्ग विधाता, ये पाठ सबको पढ़ाना है।
बल्लभ भाई पटेल की भूमिका से, हमें सबको यथार्थ कराना है ।।
पाक के हर नापाक इरादों को, अब हमें समाप्त करते जाना है ।
एयर स्ट्राइक के माध्यम से, अब हर दुश्मन को धूल चटाना है ।।
बंदूक, डंडा व स्टेथोस्कोप ने अपना हर काम बखूबी निभाया है ।
दो गज़ दूरी का पालन करके, हमें अब करोना मुक्त भारत बनाना है ।।
हर कोरोना कर्म वीरो की शहादतों का, ध्यान करते जाना है ।
मास्क व प्रक्षालक के प्रयोग कर, अब हमें जग को बचाना है ॥
हो न जाये कही पंथ निरपेक्षता शर्मशार, यह भी धर्म निभाना है ।
बस हर कदम साथ बढ़े, अब हर हाल महामारी को हराना है ।।
बंधुता की लाज रख, अब भारतीय संविधान के औचित्यो को अपनाना है ।
आर्थिक स्थिलता व बेरोजगारी से जूझ रहे देश का साथ हमें निभाना है ।
बंधुता और सहिष्णुता के भावों से, हमें देश को अपना बनाना है ।
सब कहे वोकल फोर लोकल अब आत्मनिर्भर भारत बनाना है ।।
खुद की परवाह न कर, जो वीर करे मृत्यु से साक्षात्कार, हमें उनका साथ निभाना है ।
ये पथप्रदर्शक देवदूत है हमारी खुशियों के, इनका हौसला हमें बढ़ाना है।।
अनवरत दिन-रात अपना कर्तव्य निर्वहन कर, हमें देश को ऊँचा उठाना है ।
है ये ज्ञात कि चुका न पाएंगे यह कर्ज़ बेशक, लेकिन हमें देश को आगे बढ़ाना है ।।
मानवता की नस्ल बन, अपना धर्म हमें निभाना है ।
दानवता की गर्जन बन, अब दुश्मन को सबक सिखाना है ।।
भारत माँ के सेनानियों के बलिदान का हर मोल हमें चुकाना है ।
अपने वतन परस्ती की जिद में कुछ ऐसा कर्म कर जाना है ॥
हर घर आँगन, सड़क व नहर स्वच्छ रहे यह संदेश फैलाना है ।
नफरत की गर्द झाड़ कर हमें फिर प्रेम का दीपक जलाना है ।।
हुई बहुत नेताओं की जय जयकार, अब इनको सर पर नही चढ़ाना है ।
हम है, अपने देश के रचयिता अब हमें ही कलम चलाना है ॥
कोई बने अब्दुल, अटल, बोस तो कुछ को पटेल बन दिखाना है ।
दीमक बनती राजनीति की जड़ को, नीव सहित उखाड़ मिटाना है ।।
गुरुकुल जिस देश की रीत रही हो, वो आज शिक्षा से कैसे बेगाना है ।
हर बच्चा बस हो साक्षर, अब यही उद्देश्य सबको अपनाना है ।।
धर्म संस्कार रीति-नीति व कर्म-कांड के भारत को सत्य सनातन बनाना है ।
गीता व ॐ की ध्वनि से हमें, पुनः पावन धरा शीघ्र बनाना है ।।
शान, सम्मान से लहराए, हमारा तिरंगा हमें ऐसे एक जुट हो जाना है ।
हर भारतीय भारत के स्वाभिमान की खातिर, जान छिड़के, हमें कुछ ऐसा जीवन अतीत बनाना है ।।
सदा भारत “माँ” की पावन मिट्टी का मान बढ़े, वो कर्म हमें करते जाना है ।
पुनः हमारे “भारतवर्ष” को “सोने की चिड़िया” हमें बनाना है ।।
-डॉक्टर प्रिया पचौरी
-वेटनरी कॉलेज जबलपुर (मध्यप्रदेश)




