बाजार

देश में 20% खुलेंगे एथेनॉल मिश्रित ईंधन बेचने वाले पेट्रोल पंप

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली : देशभर में अगले दो साल में पेट्रोल पंपों पर 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रित ईंधन (ई-20) मिलने लगेंगे। पहला ई-20 स्टेशन इस साल 8 फरवरी को शुरू हो गया है। यह लक्षित समय अप्रैल से बहुत पहले था। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि 20 फीसदी एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन की खुदरा बिक्री के लिए 2025 तक पूरे देश में विशेष पेट्रोल पंप होंगे। ई-20 ईंधन में पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल का मिश्रण होता है।
पुरी ने उद्योग संगठन इंडियन मर्चेंट चैंबर (आईएमसी) की सालाना आम बैठक को संबोधित करते हुए कहा, अभी तक ई-20 स्टेशन की संख्या 600 के पार पहुंच चुकी है। 2025 तक पूरे देश में ऐसे पेट्रोल पंप होंगे।
पुरी ने कहा, सरकार ने पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने के लक्षित समय को 2030 से पांच साल घटाकर 2025 कर किया है। उन्होंने कहा, देश ने कच्चा तेल आयात का दायरा बढ़ाया है। 2006-07 में 27 देशों से आयात होता था, जो 2023 में बढ़कर 39 पहुंच गया।
पेट्रोल में एथेनॉल का मिश्रण 2013-14 में 1.53% से मार्च, 2023 में बढ़कर 11.5% पहुंच गया है। मात्रा के हिसाब से एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल 2013-14 में 38 करोड़ लीटर से बढ़कर 2021-22 में 433.6 करोड़ लीटर हो गया है। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि जैव-ईंधन बेचने वाले पेट्रोल पंपों की संख्या 2016-17 के 29,890 से करीब तीन गुनी 67,640 हो गई है। मंत्रालय इसी महीने एक वैश्विक जैव-ईंधन गठबंधन पेश करेगा।
सरकार देश में हरित हाइड्रोजन के इस्तेमाल के बारे में कानूनी प्रावधान सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देश जारी कर सकती है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय में सचिव भूपिंदर सिंह भल्ला ने शुक्रवार को कहा, हरित हाइड्रोजन के उपयोग संबंधी दिशानिर्देश लाने का प्रावधान हाइड्रोजन मिशन में भी है। उन्होंने कहा, हाइड्रोजन मिशन के तहत 2030 तक होने वाले कुल हरित हाइड्रोजन उत्पादन का करीब 70 फीसदी हिस्सा निर्यात किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button