दो युवकों की राजस्थान से अयोध्या तक साइकिल यात्रा, 1100 किमो का सफर कर जालौन पहुंचे, अब 400 किमी का सफर बचा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
उरई/जालौन। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा विधि विधान से होनी है। जिसको लेकर पूरे देश में दीपावली जैसा त्योहार मनाया जा रहा है। 16 जनवरी से शुरू हुए इस महोत्सव में शामिल होने के लिए पूरे देश के अलग-अलग जगह से लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं, ऐसे में राजस्थान के उदयपुर से दो युवक साइकिल से अयोध्या के लिये निकले हैं, जो लगभग 1100 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद बुधवार को जालौन के उरई पहुंचे, जहां उरई के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद उन्हें अयोध्या के लिए रवाना कर दिया गया। यह दोनों युवक राजस्थान के उदयपुर के पास के स्थित गांव बुमूला के रहने वाले है, जिनका नाम गुंजन वैष्णव और गजेंद्र सोलंकी है। वह 5 जनवरी को साइकिल से अपने साथ सामान लेकर निकले थे, जो चित्तौड़गढ़, कोटा से होते हुए झांसी और फिर राजाराम की नगरी ओरछा पहुंचे, जहां उन्होंने ओरछा में दर्शन करने के बाद और अन्य स्थानों से होते हुए जालौन के उरई पहुंचे। उरई में कुछ देर का ठहराव करने के बाद जब वह अपनी साइकिल से आगे बढ़ने लगे तो उनकी साइकिल पर हनुमान का झंडा और तिरंगा लगा देख स्थानीय लोग उनके पास पहुंचे।
उनसे जानकारी ली। युवकों ने बताया कि वह अयोध्या जा रहे हैं। इसके बाद लोगों ने उनका सम्मान किया। उन्हें जलपान कराने के बाद आगे के लिए रवाना किया। इस दौरान साइकिल से निकले दोनों युवक गुंजन और गजेंद्र ने बताया कि पूरे देश में बड़ा उत्सव मनाया जा रहा है।
यह उत्सव दीपावली से कम नहीं है, इसीलिए वह अयोध्या में रामलाल के विराजमान होने पर इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए साइकिल से निकले हैं। दोनों युवकों ने 5 जनवरी से अपने गांव से इस साइकिल यात्रा को शुरू किया था, अब तक वह गूगल मैप के अनुसार 1100 किलोमीटर का सफर कर चुके हैं और अयोध्या की लगभग 400 किलोमीटर की दूरी शेष रह गई है।
उदयपुर से अयोध्या तक का सफर 1500 किलोमीटर का सफर पूरा होगा। भगवान राम की मंदिर के बनने पर वह काफी प्रसन्नचित है, इसीलिए वह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे हैं। दोनों युवकों ने बताया कि उनके पास इतना रुपए नहीं था कि वह बस और ट्रेन से अयोध्या जा सके, इसीलिए दोनों लोगों ने साइकिल से ही अपना सफर शुरू किया और वह अब अंतिम पड़ाव पर पहुंचने वाले हैं, जो अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे।




