धूप का हल होगा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
इसी धूप में
एक बच्ची
पोछा लगाती है
इसी धूप में
एक बच्चा
आपके
जूते चमकाता है
इसी धूप में
एक कुली
आपका बोझ
उठाता है
इसी धूप में
एक रिक्शा वाला
आपको गन्तव्य तक
पहुंचाता है
इसी धूप में
एक गौरैया
बरसात में
सिर छिपाने के लिए
एक घोसला बनाती है।
इसी धूप में
एक बूढ़ी औरत
झुलस रही है
अपने नाती-पोते के
सुखद भविष्य के लिए।
इसी धूप में
एक बूढ़ा बाप
झुलस रहा है
अपने बेटे का बोझ
बंटाने को।
इसी धूप में
शहरों में
झुलस रहें हैं
हज़ारों हजार बेटे
गांव में रह रहे
अपने परिजनों को
हँसाने को।
अपने बच्चों को
पढ़ाने को।
इसी धूप में
17 मई 1934 को
कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी का
पटना में
प्रथम स्थापना सम्मेलन हुआ।
इसी धूप में
17 मई 1769 को
बंगाल के कपड़ा उद्योग को
बर्बाद करने के लिए
बुनकरों पर
प्रतिबंध भी लगा।
इसी धूप में
धन और धरती बंट के रहेगी
के नारे भी लगते हैं।
इसी धूप में कुछ लोग सड़क से सन्सद तक
लड़ते हैं
धूप के खिलाफ।
इसी धूप में
महामारी से
आदमी कलप कलप कर
मर रहा है।
इसी धूप में
नया सन्सद भवन
और पीएम आवास भी
बन रहा है।
इसी धूप में
कुछ बावले आज भी
बोल रहे हैं
दुनिया के कमजोरों
एक हो
इस धूप का
हल होगा
आज नहीं तो
कल होगा।
धीरु भाई




