गोंडा

निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से एक की मौत, तीन घायल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

कर्नलगंज/ गोण्डा। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के बालपुर कस्बे में मंगलवार की देर शाम निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर एएसपी समेत प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य में जुट गए।मिली जानकारी के मुताबिक घटना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के बालपुर कस्बे की है। यहां के रहने वाले घनश्याम गुप्ता कैथोला मोड़ पर अपने मकान का निर्माण कर रहे हैं।‌
मंगलवार को मकान का छत‌ लगनी थी। छत के लिए स्लैब का काम पूरा हो चुका था। रात में छत लगाने की तैयारी थी। शाम करीब सात बजे श्रमिक मकान के स्लैब को ठीक कर रहे थे कि अचानक स्लैब भरभराकर गिर गया। स्लैब के मलबे में दबकर मजदूर बलबीर उम्र करीब 20 वर्ष निवासी हर्दी टांड़ थाना परसपुर की दबकर मौत हो गयी,जबकि उसके साथ काम कर रहे अमरजीत 25 वर्ष निवासी हर्दी टांड़ थाना परसपुर, शिवकुमार 40 वर्ष व धर्मराज 38 वर्ष निवासी लक्ष्मनपुर जाट थाना कोतवाली देहात मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्लैब ढहने की घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई।
तत्काल हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर कर्नलगंज कोतवाल चितवन कुमार, बालपुर चौकी प्रभारी आलोक कुमार राय, पुलिस क्षेत्राधिकारी चंद्रपाल शर्मा व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया गया। पहले घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी बीच यह आशंका जताई गई कि मलबे में अभी भी कुछ लोग दबे हुए हैं।
इस पर तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर मलबा हटाने का काम शुरू हुआ। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल समेत कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद रहे और श्रमिकों के मलबे में दबे होने की सूचना पर रेस्क्यू किया गया। एसपी खुद रेस्क्यू अभियान की मॉनीटरिंग कर रहे थे। एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि हादसे में एक श्रमिक की मौत हुई है जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button