परिवार संस्कार और आकांक्षा

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
परिवार संस्कार और आकांक्षा
की खींचातानी में सहमा सहमा सा
मेरा किरदार अब बगावत पर है अमादा
उसे बिलकुल पसंद नहीं
भावनात्मक असुरक्षा
आशाओं/प्रत्याशाओं/और निराशाओं
का चक्रव्यूह उसे
शब्दजाल सा लगता है
मर्यादाओं/कर्तब्यों और अपेक्षाओं
की गाँठ वह तोड़ने को उत्सुक है
संस्कारों/परम्पराओं और वर्जनाओं
का समीकरण
उसे रास नहीं आता है
वह कुछ नया करना चाहता है
वह कोरी भावुकता में
नहीं जीना चाहता
उसे नहीं बनना
संस्कृति का महान उदगाता
जहाँ अतार्किकता
उसके मार्ग अवरुद्ध करती हो
मन में उफनते भावॉ का अतिक्रमण
उसकी सहजता पर एक गम्भीर
सवालिया निशान खड़ा करती हो
स्वभावगत विशेषताओं से पनपी ग्रंथियाँ
कदम दर कदम उसे आगाह हों
जिसे अनसुना करना
उसकी मजबुरी हो
मनभेद और मतभेद के फर्क का
स्पष्टीकरण देने में सारी
ऊर्जा बेकार जाती हो
संवेदना की भावभूमि पर
नई कोंपलों की तलाश
सियासत का सारा साजो सामान
उप्लब्द्ध कराती हो
पर मन सियासी होने के बदले
बौद्ध हो जाना चाहता हो
जमीन से बेदखल कराने के बदले
जमीन का स्वामित्व सौपने का
ईरादा कर लेता हो
सिर्फ लोकसंस्कृति की दुहाई नहीं
बल्कि लोक संवेदना की बात करता हो
राजनीतिक विद्रूपताओं को सिर्फ मेहसूस नहीं
बल्कि उन पर तल्ख टिप्पणी भी करता हो
आखिर मेरे किरदार को हो क्या गया है
इसका यह बदलाव मेरे समझ से परे है
यह वाकई गहरे द्वन्द और जटिल यथार्थ को
समझने लगा है या यह इसके दोहरे
चरित्र की एक बानगी मात्र है
मैं खुद ही पशोपेश में हूँ
शायद वक़्त ही इसकी असलियत
बता सकेगा।
राजेश कुमार सिन्हा
मुंबई




