बाजार

पेटीएम को एक और झटका, 71 फीसदी से ज्यादा टूटा भाव

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली : वन97 कम्युनिकेशन की पेरेंट कंपनी और भारत में डिलिटल भुगतान सेवाएं मुहैया कराने वाली दिग्गज पेटीएम के अच्छे दिन आते नहीं दिख रहे हैं। लिस्टिंग के बाद से पेटीएम के शेयरों का भाव 71 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है तो इसके चलते फाउंडर विजय शेखर शर्मा अरबपतियों की सूची से बाहर हो गए हैं। अब कंपनी को एक ओर झटका लगा है पेटीएम स्टॉक के टारगेट प्राइस को मैक्वायरी कैपिटल सिक्योरिटी के एनालिस्ट ने रिवाइज करके 450 रुपये कर दिया है।

18,300 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने वाली पेटीएम के शेयर बीती 18 नवंबर 2021 को शेयर बाजार में लिस्ट हुए थे। इसकी लिस्टिंग इश्यू प्राइज 2150 रुपये से नौ फीसदी गिरावट के साथ हुई। लेकिन, तब न ही निवेशकों और न ही कंपनी के फाउंडर विजय शेखर शर्मा ने ये सोचा था कि लिस्टिंग के दिन से उनके बुरे दिन शुरू होने वाले हैं। मगर हुआ ऐसा ही और इसके चलते जहां कंपनी के निवेशक रो रहे हैं, तो दूसरी ओर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब एक लाख करोड़ रुपये घट गया है।

पेटीएम स्टॉक में निवेश करके इसके दाम चढ़ने का का इंतजार कर रहे निवेशकों को लिस्टिंग के बाद से लगभग हर दिन बड़ा झटका लगा है। बीते दिनों पहली बार इसके शेयर का दाम 800 रुपये के नीचे आ गिरा। वहीं अब फर्म मैक्वेरी कैपिटल सिक्योरिटीज (इंडिया) प्राइवेट द्वारा अपने टार्गेट प्राइस को और घटा दिया है। ये वही फर्म है जिसने इस शेयर के बारे में पहले भी काफी नीचे तक गिरने की आशंका जताई थी। टार्गेट प्राइज घटाए जाने की खबर पहले से परेशान पेटीएम निवेशकों को और भी परेशान करने वाली है।

मैक्वेरी के सुरेश गणपति ने वैश्विक स्तर पर फिनटेक कंपनियों के कम मूल्यांकन का हवाला देते हुए अपने टार्गेट प्राइस को 700 रुपये से घटाकर 450 रुपये (5.90 डॉलर) कर दिया। यानी ये कि पेटीएम का शेयर अब 450 रुपये तक गिर सकता है। इसके अतिरिक्त, गणपति ने पेटीएम के लिए कमाई या राजस्व के अनुमान में कोई बदलाव नहीं किया है, जिसे उन्होंने पहले अंडर-परफॉर्म बताया था। बता दें कि गुरुवार को खबर लिखे जाने तक पेटीएम का शेयर चार फीसदी से ज्यादा टूटकर 607 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

फोर्ब्स की बुधवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक, विजय शेखर शर्मा की संपत्ति पेटीएम आईपीओ की लिस्टिंग से पहले 2.35 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर थी, जो लिस्टिंग से अब तक घटते-घटते 99.9 करोड़ डॉलर रह गई है। पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस 18 नवंबर, 2021 को लिस्ट हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उस दिन के बाद से विजय शेखर शर्मा को रोजाना लगभग 88 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।

गौरतलब है कि कंपनी ने आईपीओ के जरिये 18,300 करोड़ रुपये जुटाए थे। 18 नवंबर को कंपनी 1.39 लाख करोड़ रुपये की वैल्यू के साथ भारत की टॉप 50 कंपनियों में शामिल थी। लेकिन तब से, उसकी कीमत में गिरावट जारी है। कंपनी के बाजार पूंजीकरण की बात करें तो यह लगभग एक लाख करोड़ रुपये घटकर 40,000 करोड़ रुपये रह गया है। इसके गिरावट के कारण कंपनी सबसे ज्यादा वैल्यू वाली कंपनियों में 112वें पायदान पर आ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button