प्रधानमंत्री मोदी : चंद्रयान 3 की सफलता पूरी मानवता के लिए शुभ संकेत

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि चंद्रयान की सफलता पूरी मानवता के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के महत्वाकांक्षी चंद्रयान-3 के प्रक्षेपण पर शुभकामनाओं के लिए अपने भूटानी समकक्ष लोटे शेरिंग को धन्यवाद दिया। भूटानी प्रधानमंत्री के ट्वीट का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा, आपके गर्मजोशी भरे शब्दों के लिए धन्यवाद। वास्तव में चंद्रयान की सफलता पूरी मानवता के लिए शुभ संकेत है। गौरतलब है कि शुक्रवार दोपहर श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दो बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान-3 रवाना हुआ था। लांचिंग के करीब 17 मिनट बाद फैट ब्वाय के नाम से लोकप्रिय एलवीएम3-एम4 राकेट ने यान को पृथ्वी की कक्षा में छोड़ा गया था। 40 दिन के सफर के बाद 23 अगस्त को यान के साथ भेजा गया लैंडर चांद की सतह पर उतरेगा।




