पश्चिम बंगाल
बंगाल के बिरभूम में जले हुए मकानों से 7 लोगों के शव बरामद

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
रामपुरहाट : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में मंगलवार को आग से नष्ट हुए कुछ मकानों से सात लोगों के जले हुए शव बरामद किए गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह घटना सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के पंचायत स्तर के एक नेता की कथित हत्या के बाद हुई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रामपुरहाट शहर के बाहरी इलाके में स्थित बोगतुई गांव में घरों से अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि, दमकल विभाग के एक अधिकारी ने दावा किया कि घटनास्थल से 10 जले हुए शव बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि बरशाल गांव के पंचायत उप प्रमुख एवं तृणमूल कांग्रेस के नेता भादु शेख का शव सोमवार को इलाके में मिला था। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



