बसंत से मिला जीवन -लक्ष्य

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
ऋतुओं में बसंत मैं,
कहा परमात्मा ने।
गीता-धर्म में।
बसंत की नवलता से,
सुवास से ग्रहण करो,
काव्य सृजन की परख।
कहा कक्षा में शिक्षा गुरु ने।
खेतों के सुनहले सरसों फूल
आम के बौर,टेसू की कोमल
उंगलियों में,
बसंत का मर्म तलाशती मैं।
स्मृतियों का आँचल थाम कर,
जाती अतीत की गलियों में।
जहाँ हैं मेरे अतीत का बसंत
महादेवी के भाव की है रंगत।
अपने किशोर-वय – सदन
के झरोखे के बाहर
देखती शरद की विदाई।
रिक्त उपवन में बसंती
हवा के झूले पर झूमते
किशोर-ऋतुपति की अगुवाई।
स्वागत में,सलज्ज वधू -सी ,
नव-श्रंगारित तन्वी प्रकृति।
अनुभूत हुए,नव अर्थ,
नव-पुष्प,नव-पत्र के।
नव भ्रमर बोले संग,
कोयल-कूक संग।
अवतरित हुआ बसंत,
सुंदर नव-वर रूप में,
रतिपति सम मुसकान।
क्षण में मैं बनी
मुग्धा नायिका।
समझी मैं,
मनु- हृदय में
प्रकृति व संस्कृति की
जुगलबंदी में है
मानवता का संगीत।
बसंत का उपहार,
वह सूझ बनी
मेरा जीवन – लक्ष्य।
जिजीविषा में,
जीवन की अटूट आस्था
उमंग है बसंतोत्सव।
@ मीरा भारती,
पुणे,महाराष्ट्र




