बाढ़ से बचाव को लेकर पीएसी और एसडीआरएफ की टीम ने किया मॉकड्रिल

युग जागरण न्यूज़ नेटवर्क
गोण्डा ।गुरूवार को ऐलीपरसौली गांव के ग्राम घोड़हन पुरवा में तटबंध किनारे घाघरा नदी में बाढ़ से बचाव और राहत कार्यों का मॉक ड्रिल के माध्यम से अभ्यास किया गया। मॉकड्रिल के दौरान नदी में डूब रहे लोगों और उनके मवेशियों को पीएसी के जवानों द्वारा रेस्क्यू किया गया और उन्हें नदी से निकालकर उपचार हेतु एम्बुलेंस से स्वास्थ्य कैम्प भेजा गया। पूरे मॉकड्रिल का जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा देखा गया। इसके साथ ही जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने वहां मौजूद बाढ़ राहत कैम्प, पशु बाढ़ राहत केंद्र, प्लानिंग सेक्शन, रिस्पांसिबल ऑफिसर कैंप, सुरक्षा ऑफिसर कैम्प, लॉजिस्टिक सेक्शन कैंप, ऑपरेशन सेक्शन कैम्प, बाढ़ चौकी व अन्य कैम्पों का निरीक्षण किया ।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सभी विभाग बाढ़ के दौरान पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सांकेतिक रूप से कुछ ग्रामीणों को बाढ़ राहत किट एवं पशु पालकों को दवा भी वितरित की साथ ही सभी पशु पालकों एवं वहां पर उपस्थित अन्य लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को बाढ़ से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। इसअवसर पर सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।




